बेखौफ चोरों का धावा : किराना दुकान का ताला चटकाकर 40 हजार कैश व सामान पार,सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

दतिया (भांडेर)। भांडेर कस्बे में बेखौफ बदमाशों ने पंजाब नेशनल बैंक के समीप स्थित एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर शटर का ताला तोड़कर गल्ले में रखे करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद और गुटखे के पैकेट समेटकर फरार हो गए। चोरी गए माल व नकदी की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला ताला : पीड़ित दुकानदार जयप्रकाश साहू के अनुसार, वे रोजाना की तरह बुधवार रात दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन किसी व्यापारी को माल का भुगतान करना था, जिसके चलते उन्होंने 30 से 40 हजार रुपये की नकदी गल्ले में ही रख दी थी।

गुरुवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो बाहर लगे ताले टूटे मिले। दुकान के भीतर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और गल्ले से नकदी समेत महंगे गुटखे के पैकेट गायब थे।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुराग जुटा रही पुलिस : वारदात की सूचना मिलते ही भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

थाना प्रभारी सपना शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter