कोच्चि में जुटेंगे ब्रिक्स देशों के महिला मंत्री: 8-9 जुलाई को भारत करेगा अहम बैठक की मेजबानी, महिला सशक्तिकरण पर होगा मंथन

नई दिल्ली/कोच्चि | भारत अपनी ब्रिक्स (BRICS) अध्यक्षता के तहत 8 और 9 जुलाई 2026 को केरल के कोच्चि में ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक का आयोजन करेगा। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के महिला मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और सदस्य देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देना होगा।

महिला नेतृत्व वाले विकास पर रहेगा विशेष फोकस : बैठक में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने, आर्थिक अवसरों का विस्तार, डिजिटल एवं वित्तीय समावेशन, महिला उद्यमिता और सतत विकास जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। साथ ही जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और पोषण जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत की अध्यक्षता के चार प्रमुख आधार : भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए अनुकूलता (Resilience), नवाचार (Innovation), सहयोग (Cooperation) और स्थिरता (Sustainability) को प्रमुख आधार बनाया है। इसी दृष्टिकोण के अनुरूप महिला नेतृत्व आधारित विकास को बढ़ावा देने के लिए सदस्य देशों के बीच साझा रणनीति तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।

महिला कार्य समूह की बैठक के बाद होगा मंत्रिस्तरीय सम्मेलन : इस उच्चस्तरीय बैठक से पहले 6 और 7 जुलाई को ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न प्राथमिकता वाले विषयों पर वरिष्ठ अधिकारियों ने चर्चा की। अब मंत्रिस्तरीय बैठक में इन सुझावों पर अंतिम स्तर पर विचार करते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी।

प्रदर्शनी और विशेषज्ञों की चर्चाएं भी होंगी : कार्यक्रम के दौरान भारत में महिला नेतृत्व के माध्यम से ग्रामीण विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, पोषण और अन्य क्षेत्रों में हुए कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ विषयगत पैनल चर्चा आयोजित होगी, जिसमें अनुभव साझा करने और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

साझा विकास की दिशा में अहम पहल : ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक को सदस्य देशों के बीच महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भारत की मेजबानी में होने वाली यह बैठक वैश्विक स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और साझा विकास के नए अवसरों को मजबूत करने का मंच बनेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter