लूट के मामले में बंद भाइयों ने जेल में मचाया उत्पात : कैदी की जमकर मारपीट की, घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा

Datia news : दतिया। जिला जेल में आपसी कहासुनी के दौरान कैदियों में ही संघर्ष हो गया। इस दौरान लूट के मामले में वहां सजा काट रहे दो सगे भाइयों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने मिलकर वहां एक अन्य कैदी की जमकर मारपीट कर दी। इस मारपीट में उसके चोटिल हो जाने पर कैदी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

दतिया में ठंडी सड़क स्थित जिला जेल में सोमवार को तीन कैदी आपस में भिड़ गए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना जेल में बैरक नंबर चार के सामने हुई।

जिसमें हत्या के आरोप में बंद कैदी राहुल यादव के साथ लूट के मामले में सजा काट रहे शैलेंद्र गुर्जर और उसके भाई राहुल गुर्जर ने कथित तौर पर मारपीट कर दी। इस दौरान कुछ देर के लिए जेल में अफरा तफरी मच गई।

घटना में मामूली रुप से घायल राहुल यादव को तत्काल इलाज के लिए जेल प्रशासन ने जिला अस्पताल भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई और उसे वापस जेल भेज दिया गया। जेल प्रशासन के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कैदी राहुल यादव और शैलेंद्र गुर्जर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान शैलेंद्र का भाई राहुल गुर्जर भी वहां पहुंच गया और दोनों भाइयों ने मिलकर राहुल यादव के साथ मारपीट कर दी।

प्रहरी ने कैदियों को अलग-अलग किया : वहीं जेल प्रशासन ने आशंका जताई है झगड़े के दौरान राहुल यादव और शैलेंद्र को प्रहरी ने अलग-अलग कर दिया था। इस बीच राहुल खुद ही किसी चीज से खरोंच मार ली। जिससे उसे हल्की चोट आईं। हालांकि इस बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह जांच का विषय बना हुआ है।

घटना के बाद जेल प्रशासन ने इसे आपसी विवाद का मामला बताया है, लेकिन कैदियों के बीच इस तरह की हिंसक झड़प ने जेल के अंदर निगरानी व्यवस्था और अनुशासन पर और अधिक सख्ती के संकेत दिए हैं।

जेल प्रशासन जांच में जुटा : वहीं जेल अधीक्षक ओपी पांडे ने बताया कि पूरे मामले को लेकर पुलिस को शिकायती आवेदन दे दिया गया है। जांच की जिम्मेदारी उप जेल अधीक्षक को सौंपी गई है और संबंधित कैदियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहाकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि झगड़े की असली वजह क्या थी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter