मप्र : केन्द्रीय गृहमंत्री शाह करेंगे पुलिस आवासीय एवं प्रशासकीय भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्या, रवीन्द्र भवन में होगा कार्यक्रम

भोपाल : केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 22 अगस्त को भोपाल में अनेक कार्यक्रम में शामिल होंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री प्रात: 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभाकक्ष में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखण्ड, उत्तरप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ प्रान्त के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह दोपहर 2.30 बजे बरखेड़ा बोंदर में नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी केम्पस का भूमि-पूजन करेंगे। दोपहर 3.50 बजे रवीन्द्र भवन सभागार में मध्यप्रदेश पुलिस के आवास और प्रशासनिक भवनों का लोकार्पण करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह सायं 5.15 बजे विधानसभा सभागार में कुशाभाऊ ठाकरे की जन्मशती पर “भारत की नई शिक्षा नीति” सेमीनार को संबोधित करेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री  शाह सायं 7.45 बजे होटल ताज में कृषि विपणन में सहकारी संस्थाओं की भूमिका विषय पर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री रात्रि 9.10 बजे स्टेट हैंगर से वायुयान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री  अमित शाह सोमवार को रवीन्द्र भवन में अपरान्ह 3.30 बजे “मुख्यमंत्री पुलिस आवास” योजना में पुलिसकर्मियों के आवास गृहों और प्रशासकीय भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा विशिष्ट आतिथि होंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह 261 करोड़ 69 लाख की लागत वाले 1304 आवासीय भवनों और 67 करोड़ 91 लाख की लागत वाले 54 प्रशासकीय भवनों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 34 करोड़ 68 लाख की लागत के 168 आवसीय भवनों और 51 करोड़ 12 लाख की लागत वाले 54 प्रशासकीय भवनों का शिलान्यास करेंगे।

पुलिस परिवारों से भी मिलेंगे

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह आवास गृहों और प्रशासकीय भवनों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में पुलिस परिवारों से भी मिलेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!