दतिया में भी चला बुलडोजर : दुष्कर्म के आरोपित का अवैध घर ढहाया, पुलिस और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

Datia News : दतिया। दुष्कर्म के आरोपित के घर पर बुधवार को जेसीबी चला दी गई। पीजी कॉलेज दतिया में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा उदगवां गांव निवासी 19 वर्षीय युवती के साथ एक होटल पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक घटना के दो आरोपित अवधेश पाल निवासी राजीव नगर कालोनी और उनाव रोड निवासी सोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि एक अन्य आरोपित राजकुमार गुप्ता फरार बताया जाता है।

इस तरह के मामले में दतिया जिले में संभवतया यह पहली कार्रवाई थी। जिसमें आरोपितों के घरों को जेसीबी से ढहाने की कार्रवाई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 12 जुलाई को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में प्रकरण दर्ज किया गया था। जिसके आरोपित सोनू गुप्ता के अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस कार्रवाई को करने जेसीबी लेकर पहुंचे। इसके बाद आरोपित के घर को ध्वस्त कर दिया गया। संबंधित अधिकारियों के मुताबिक आरोपित ने अवैध अतिक्रमण कर मकान बना रखा था। जिसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाईन दतिया में गत 12 जुलाई को सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता ने आकर रिपोर्ट कराई थी कि आरोपित सोनू गुप्ता निवासी बहादुरपुर, अवधेश पाल राजीव नगर दतिया व राजकुमार गुप्ता निवासी बहादुरपुर हाल करन सागर दतिया द्वारा उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता की रिपोर्ट पर घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तीन आरोपितों के विरुद्ध थाना सिविल लाईन थाने में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए आरोपितों के विरुद्ध तत्काल कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश के चलते पुलिस अधीक्षक दतिया एवं कलेक्टर के निर्देशन में दुष्कर्म के आरोपितों की अवैध रूप से शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी राजस्व अधिकारियों से प्राप्त की गई।

जिसमें एक आरोपित सोनू गुप्ता द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपित सोनू गुप्ता के अवैध रूप से बने मकान पर जेसीबी चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई।

इस कार्रवाई में एसडीओपी दतिया प्रियंका मिश्रा, तहसीलदार भूपेंद्र सिंह कुशवाह, सीएमओ नगर पालिका दतिया अनिल दुबे, थाना प्रभारी कोतवाली विजय सिंह तोमर, थाना प्रभारी सिविल लाईन उनि धवल सिंह चौहान एवं अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!