जिस ढावे पर बरसी गोलियां वहां गरजा बुलडोजर : पुलिस ने कराया जमींदोज, अब आरोपितों के घर पर नजर

Datia news : दतिया। गोलकांड की सनसनीखेज घटना के बाद उस ढावे पर पुलिस और राजस्व विभाग ने शनिवार 6 जनवरी को बुलडोजर चलवा दिया, जहां यह घटना घटित हुई थी। गत बुधवार रात हाइवे पर जगह घेरकर बनाए गए इसी फौजी पठान ढावे पर आधे दर्जन से अधिक हमलावरों ने गोलियां बरसाकर छह लोगों को घायल कर दिया था। जिसमें से दो की उपचार के दौरान जान भी चली गई।

ढावे पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई के दौरान एसडीएम ऋषि सिंघई, बड़ौनी तहसीलदार पूजा मावई, बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला, थाना प्रभारी रमेश शाक्य सहित राजस्व व हाइवे अर्थोरिटी का अमला मौजूद रहा।

इससे पहले शनिवार दोपहर इस गोलीकांड में जान गंवाने वाले पुष्पेंद्र वर्मा के स्वजन अस्पताल से शव का पीएम कराने के बाद उसे एंबुलेंस में लेकर शहर के राजगढ़ चौराहे पर पहुंच गए।

जहां नाराज स्वजन ने कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। मृतक के पिता और अन्य स्वजन आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान मृतक के स्वजन ने पुलिस के विरोध में नारेबाजी भी की।

इधर जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा, बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य एवं ट्रेफिक टीआई दीपक साहू मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने मृतक के स्वजन को समझाईश दी। साथ ही मामले में हुई एफआईआर भी दिखाई। जिसके बाद वह मानें और शव को लेकर वापिस लौट गए।

आरोपितों के घरों पर भी हो सकती है कार्रवाई : वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो गोलीकांड की घटना को लेकर पुलिस ने नामजद किए आरोपितों के घरों के बारे में भी जानकारी जुटा ली है। एक दो दिन में इनके घरों पर भी कार्रवाई की संभावना है।

हाइवे पर घटित हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस के सामने भी आपराधिक किस्म के लोगों ने चुनौती पेश की है। जिस पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग मृतकों के स्वजन करने लगे हैं। ऐसे में आरोपितों के घरों पर भी बुलडोजर चलने की कार्रवाई हो सकती है।

वहीं इस मामले में पुलिस द्वारा कुछ आरोपितों को गिरफ्त में भी लिए जाने की जानकारी है। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस राउंडअप किए गए कुछ लाेगों से पूछतांछ भी कर रही है। ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter