Datia news : दतिया। रेत चैक पोस्ट पर एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। रात के समय बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने पहले चौकीदार से गेट खुलवाया। इसके बाद अंदर पहुंचकर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली चैक पोस्ट पर युवक अमरसिंह राजपूत के सीने में जा गली। वहीं पास खड़ा डब्बू भी फायरिंग में जख्मी हो गया।
गोलीबारी कर रहे बदमाश दो युवकों के गोली लग जाने पर भी नहीं रुके और भागते समय भी फायरिंग करते रहे। जिससे वहां के दो अन्य कर्मचारियों के हाथ और पैर में छर्रे लगने की बात सामने आई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार हमलावार तेज गति से भागने में सफल हो गए। बताया जाता है कि इनमें से दो लोगों की ग्रामीणों ने पहचान भी कर ली है।
भांडेर अनुभाग के सरसई थाना क्षेत्र के मुस्तरा रेत चेक पोस्ट पर शुक्रवार रात को बाइक से आए कुछ युवकों गोलीबारी कर दी। जिसमें युवक अमरसिंह राजपूत और डब्बू निवासी मुस्तरा गंभीर रुप से घायल
हो गया। जिन्हें आसपास के लोग व स्वजन मरणासन्न स्थिति में उपचार के लिए झांसी लेकर दौड़े। चर्चा यह भी है कि युवक अमरसिंह के सीने में गोली लगी होने के कारण उसने रास्ते में ही दमतोड़ दिया।
हमलावरों के नाम आए सामने : हमलावरों में अजय लुहार मुस्तरा सहित दो अन्य के नाम सामने आए हैं। जिनकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमर सिंह राजपूत मुस्तरा स्थित रेत चेक पोस्ट पर मौजूद था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने की घेराबंदी : घटना सूचना मिलते ही सरसई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या का कारण रेत ठेके को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते अमर सिंह को निशाना बनाया गया। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।


