बुंदेलखंड के विकास को मिली नई दिशा : CM डॉ. मोहन यादव ने दी 98 करोड़ की सौगात,अजयगढ़ में खुलेंगे 100 सीटर कन्या और 50 सीटर बालक छात्रावास

पन्ना: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना में जल कलश यात्रा, संत सम्मेलन और लोक कल्याण शिविर के दौरान 98 करोड़ रुपये के 13 विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र के हर व्यक्ति को खुशहाल बनाने का वादा करते हुए कहा कि 25 दिसंबर से क्षेत्र की प्रगति के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अजयगढ़ में 100 सीटर कन्या और 50 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को बुंदेलखंडी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भगवान श्री जुगल किशोर की पेंटिंग भेंट की।

डॉ. यादव ने कहा कि देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा लिंक बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदल देगी। परियोजना से सिंचाई, पेयजल, बिजली उत्पादन, और पर्यटन के विकास से क्षेत्र के नागरिकों का जीवन स्तर सुधरेगा।

खजुराहो में होगी ऐतिहासिक शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास करेंगे।

विकास योजनाओं और निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना को लेकर भी जानकारी दी। 70,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से मालवांचल और चंबल क्षेत्र में समृद्धि आएगी। उन्होंने बताया कि भोपाल में फरवरी 2025 में होने वाले इंवेस्टर समिट के लिए इंग्लैंड और जर्मनी के निवेशकों को आमंत्रित किया गया है।

प्रदर्शनी बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें हीरा कार्यालय द्वारा 17 कैरेट के हीरे की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री ने आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया और व्यंजन भी चखे।

इस अवसर पर खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!