दफनाए गए शव को जेसीबी से निकाला : जन्मदिन पार्टी में जाने को निकला था मृतक, स्वजन बोले हत्या की आशंका

Datia news : दतिया। अपने फूफा के यहां ग्वालियर में जन्मदिन पार्टी के शामिल होने के लिए घर से निकले झांसी निवासी युवक का शव गोराघाट क्षेत्र में सिंध नदी किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला था। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस पिछले तीन-चार दिन से मशक्कत कर रही थी।

जब कुछ पता नहीं लगा तो उसका पीएम कराने के बाद शव को थाना क्षेत्र में ही दफना दिया गया। इस बीच झांसी में मृतक के स्वजन भी उसकी तलाश में भटक रहे थे।

जैसे ही उन्हें खबर मिली कि एक अज्ञात शव गोराघाट पुलिस को मिला है, वह दतिया आ गए। जहां उन्होंने गाेराघाट पहुंचकर थाने में मृतक के फोटो को देखकर उसकी शिनाख्त कर ली। जिसके बाद पुलिस ने दफनाए गए शव को जेसीबी से खुदाई कर निकलवाया और स्वजन के सुपुर्द कर दिया।

इधर मृतक के रक्त रंजित शव को देखकर स्वजन को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। वहीं पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि झांसी से ग्वालियर जाने के लिए ट्रेन से निकले युवक का शव गोराघाट क्षेत्र में सिंध के पास

कैसे पहुंचा। झाड़ियों में मिले रक्त रंजित अज्ञात शव की तीन दिन बाद पुलिस ने शिनाख्त झांसी निवासी हंसराज वर्मा पुत्र रामसिंह वर्मा के रूप में की है।

जेब से मिला टिकिट : पुलिस के मुताबिक मृतक की जेब से झांसी से ग्वालियर का ट्रेन टिकट भी बरामद हुआ है। इससे यह बात तो साफ है कि वह ग्वालियर जाने के लिए ही घर से निकला था।

लेकिन वह दतिया के गोराघाट क्षेत्र तक कैसे पहुंचा, यह गुत्थी अभी उलझी हुई। पुलिस मृतक के मोबाइल काल डिटेल सहित संपर्क में आए लोगों के बारे में सुराग ढूंढ़ रही है।

पुलिस को आशंका है कि मृतक की गला दबाकर संभवता हत्या की गई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने स्वजन के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। साथ ही अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter