आजमगढ़ : 52 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस थाने में जहर खाकर दी जान,कार्रवाई न होने से दुखी पीड़िता ने उठाया कदम

आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक महिला शनिवार को थाना परिसर में जहर खाकर जान दे दी। आरोप है कि महिला के साथ गांव के कुछ लोगों ने पहले दुष्कर्म किया फिर मार-पीटकर घायल कर दिया। थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। दफ्तरों का चक्कर लगाकर थक चुकी महिला ने ऐसा कदम उठा लिया।

घर से जबरन ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपितों के खिलाफ चार दिन बाद भी कार्रवाई न होने से आहत दुष्कर्म पीड़िता ने मेहनाजपुर थाने के गेट पर शनिवार को जहर खा लिया और अचेत होकर गिर पड़ी। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।

देर रात आरोपित स्कूल संचालक अनिल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला के तीनों पुत्र प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। घर पर पति-पत्नी ही रहते थे। पति ने बताया कि चार दिन पूर्व गांव के दो व्यक्तियों ने रात 12 बजे दरवाजा खुलवाया और जबरन उसकी पत्नी को ले गए। एक विद्यालय में ले जाकर पिटाई करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।

किसी तरह उसने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पीड़िता की सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची, लेकिन समझाकर चली गई। दूसरे दिन पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कारवाई नहीं की। थाने की पुलिस जांच के लिए गांव गई थी, लेकिन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ आश्वासन देकर लौट गई।

इससे आहत महिला ने शनिवार सुबह थाने के गेट पर पहुंचकर जहर खा लिया। आनन-फानन में पुलिसकर्मी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने स्कूल संचालक अनिल सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter