कांग्रेस प्रत्याशियों ने पाला बदलकर भाजपा की भर दी झोली: दतिया नपा से 6, बडौनी से 3 व भांडेर से 1 सीट पर भाजपा प्रत्याशी चुने गए निर्विरोध

Datia News दतिया। नगर पालिका दतिया के चुनाव में भाजपा ने शुरुआत में ही आधा दर्जन सीटें अपने खाते में कर ली है। इसके बाद अब सिर्फ 30 वार्डों में चुनाव होंगे। वहीं बड़ौनी नगर परिषद् की 3 सीटें भी निर्विरोध रही। जहां भाजपा प्रत्याशी चुने गए हैं। इधर भांडेर नगर परिषद् में भी भाजपा अपना खाता खोलने में कामयाब रही। यहां से वार्ड क्रमांक 2 की महिला उम्मीदवार संध्या ब्रजेश ित्रपाठी निर्विरोध चुनी गई।

वहीं भांडेर में भाजपा ने वार्ड क्रमांक 12 से अपना उम्मीदवार भी बदला है। यहां पहले रामजीवन राय को पार्टी ने टिकिट दिया था। लेकिन उनकी पत्नी के भी पार्टी टिकट से चुनाव मैदान में होने के कारण एक ही परिवार से दो सदस्यों को उम्मीदवार नहीं बनाने की गाइड लाइन का पालन किए जाने की मांग उठ रही थी।

जिसके बाद रामजीवन राय का टिकट काटकर उनकी जगह भाजपा ने अजरा पत्नी सुभान को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद यहां अब मुकाबला भाजपा बनाम निर्दलीय हो गया है।

कांग्रेस प्रत्याशियों ने ऐनवक्त पर बदला पाला : दतिया नगर पालिका के 4 कांग्रेस प्रत्याशियों ने ऐनवक्त पर पाला बदलते हुए भाजपा के पक्ष में अपना नामांकन वापिस ले लिया। जिसके चलते इन सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए।

वहीं दतिया नपा के वार्ड क्रमांक 1 व 23 में भी कांग्रेस अपना कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतार सकी। ऐसे में वहां सिर्फ भाजपा प्रत्याशी ही रह गए। जिन्हें बिना जनता के बीच जाए ही पार्षदी आसानी से मिल गई।

इन वार्डों में भाजपा ने फहराया परचम : दतिया नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 1, 4, 23, 28, 32 एवं 33 में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। यहां कुछ वार्डों में घोषित कांग्रेस प्रत्याशी ऐनवक्त पर नामांकन वापिस लेकर मैदान छोड़ गए। जिसके चलते वहां भाजपा प्रत्याशी को आसानी से जीत मिल गई।

वहीं कुछ कांग्रेस प्रत्याशी पार्टी छोड़कर भाजपा के झंडे तले आ गए। यह फायदा भी भाजपा को मिला। दतिया नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 1 में कोई कांग्रेस प्रत्याशी न होने से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार कल्लू कुशवाह निर्विरोध चुने गए।

वार्ड क्रमांक 4 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति रायकवार ने भाजपा की माला टिलवानी के समर्थन में नाम वापिस ले लिया। जिसके बाद माला टिलवानी इस वार्ड से निर्विरोध निर्वाचित हो गई। वहीं वार्ड क्रमांक 23 में भी कांग्रेस का कोई उम्मीदवार मुकाबले में खड़ा न होने से भाजपा प्रत्याशी प्रीति अर्जुन अहिरवार निर्विरोध चुनी गई।

वार्ड क्रमांक 28 में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश दबोइया ऐनवक्त पर भाजपा में शामिल हो गए। जिसके बाद यहां से भाजपा प्रत्याशी अनूप यादव बिना किसी मेहनत के आसानी से निर्विरोध चुन लिए गए।

वार्ड क्रमांक 32 में जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप गुर्जर की पत्नी कांग्रेस प्रत्याशी प्रतीक्षा गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी समृति सिल्लन साहू के पक्ष में अपना नामांकन वापिस ले लिया। वार्ड क्रमांक वार्ड 33 से रंजना आदिवासी कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापिस लेने से भाजपा प्रत्याशी सत्यम भगत निर्विरोध रहे। सत्यम सबसे कम उम्र के पार्षद चुने गए हैं।

दतिया में अब 117 उम्मीदवार बचे मैदान में : बुधवार को नगरीय निकायों में नाम निर्देशन पत्र वापिसी के अंतिम दिन जिले के संबंधित रिटर्निंग आफीसरों द्वारा चुनाव मैदान में शेष रहे उम्मीदवारों को चुनाव चिंहों का आबंटन कर दिया गया।

नगर पालिका परिषद दतिया के रिटर्निंग आफीसर संजय कुमार ने उम्मीदवारों की उपस्थिति में नाम वापिसी पश्चात् चुनाव चिंहों के आवंटन की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि दतिया नगर पालिका परिषद में 40 उम्मीदवारों द्वारा अपने नाम वापिस लिए गए हैं।

जिसके बाद चुनाव मैदान में 117 उम्मीदवार शेष बचे हैं। कलेक्टर ने बताया कि दतिया नगर पालिका परिषद के 6 वार्डो में र्निविरोध पार्षद निर्वाचित होने पर उन्हें निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र भी जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 1, 4, 23, 28, 32 एवं 33 से निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इधर भाजपा के निर्विरोध चुने गए सभी प्रत्याशियों का गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने मिठाई खिलाकर बधाई भी दी।

वहीं इंदरगढ़ में 8 उम्मीदवारों के नाम वापिसी के बाद 55 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। सेवढ़ा में भी 9 लोगों ने नाम वापिस लिया। यहां 52 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। बडौनी में 4 के नाम वापिस लेने के बाद यहां 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भांडेर में 53 उम्मीदवार चुनाव लडेंगे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter