चाट की दुकान पर खड़े युवक को कार सवारों ने मारी गोली : मौके पर पहुंची पुलिस, हमलावर फरार

Datia news : दतिया । चाट की दुकान पर खड़े युवक को कार सवारों ने रंजिश के चलते गोली मार दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक के साथियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पंडोखर-भांडेर मार्ग पाल ढाबे पर शनिवार रात रंजिश के चलते सेवढ़ा की पूर्व जनपद अध्यक्ष के पुत्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक की जांघ में जा धंसी। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार इंदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम अमावली निवासी धर्मेंद्र शर्मा पुत्र रामजी शरण शर्मा ने पंडोखर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शनिवार रात वह अपने दोस्त परशुराम शर्मा और सोनू शर्मा के साथ बाइक से दबोह अपने जीजा के यहां जा रहा थे। तभी रास्ते में पंडोखर के पास ढावे के नजदीक गोल गप्पे खाने रुक गए।

इसी बीच वहां पूर्व सेवढ़ा जनपद अध्यक्ष किरणबांकेबिहारी शर्मा का पुत्र सत्यम शर्मा, भतीजा सचिन शर्मा पुत्र राम शंकर शर्मा निवासी फतेहपुर एवं पोशम गुर्जर पुत्र चंद्रभान गुर्जर निवासी भरौली, शिब्बू पुत्र राजकुमार गुर्जर निवासी तिघरा सफेद रंग की कार से वहां आए। उक्त आरोपितों ने धर्मेंद्र के साथ अभद्रता की।

जब उसने विरोध किया तो सत्यम शर्मा ने 315 बोर की रायफल से उसे गोली मार दी। गोली युवक की दाहिनी जांघ में जा लगी। वहीं सत्यम के साथियों ने भी कट्टे से फायर किए। जिनकी गोली मिस हो गई। घटना बाद कार सवार चारों आरोपित मौके से भाग खड़े हुए। घायल युवक के साथियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पंडोखर पुलिस ने धर्मेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से युवक को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में थाना प्रभारी अजय अम्बे ने बताया कि घायल के कथन के बाद चारों अरोपितों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। सभी अरोपित अभी फरार है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!