पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर दर्ज हुआ मामला, 30 अगस्त तक मांगा गया था नोटिस का जबाब, कोतवाली पुलिस ने आवेदन पर की कार्रवाई

Datia News : दतिया। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर कई धाराओं में कोतवाली पुलिस ने गत दिवस मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि फरियादी वीरसिंह वंशकार का एक स्कार्पियो वाहन किराए पर लिया था, जब फरियादी वाहन का किराया मांगने गया तो उसका वाहन भी रख लिया और जातिसूचक गालियां व धमकी देकर उसे भगा दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले फरियादी वीरसिंह वंशकार निवासी खटोला ने कोतवाली थाने में आवेदन दिया था कि उसकी स्कॉर्पियो जीप पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने हड़प ली है और उसे वापस नहीं कर रहे हैं।

विगत 26 अगस्त को जब वह गाड़ी मांगने गया तो पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने उसके साथ जातिगत अपशब्द कहे और अपमानित किया।

कोतवाली पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच की उसके बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में धारा 406, 294, 506, 323 सहित कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले में राजेन्द्र भारती को नोटिस भी दिया गया था। भारती से 30 अगस्त तक नोटिस का जबाव मांगा गया था।

बता दें कि फरियादी वीरसिंह वंशकार कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के खेत पर काम करता था और उनकी खेती बटाई पर लेता था।

पुलिस ने बताया कि फरियादी के आवेदन में उल्लेख है कि उसने जब एक स्कॉर्पियो गाड़ी ली थी, तो पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने यह गाड़ी 18 हजार रुपये प्रतिमाह पर उससे किराए पर ली थी।

इसके बाद जब वह स्कॉर्पियो के किराए की राशि मांगने गया, तो पूर्व विधायक ने उसे जातिगत गालियां देकर अपमानित किया और स्कॉर्पियो गाड़ी लौटाने से भी इंकार कर दिया इसके चलते उसने पुलिस में शिकायत आवेदन दिया था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!