पश्चिम बंगाल बीरभूम हत्याकांड: सीबीआई टीम बंगाल के रामपुरहाट पहुंची, हिंसा की जांच शुरू की

रामपुरहाट (प बंगाल) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का एक दल शनिवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोगतुई गांव पहुंचा और उस हिंसक घटना की जांच शुरू की जिसमें आठ लोगों की जान चली गई थी।

अज्ञात लोगों ने 21 मार्च को गांव में 10 घरों में आग लगा दी थी जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी। लगभग 20 सदस्यों वाली सीबीआई की टीम उस घर के भीतर गई जहां जलकर खाक हुए सात लोगों के शव बरामद हुए थे।

सीबीआई अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, “हम आज जांच शुरू कर रहे हैं। हमें युद्धस्तर पर जांच करनी है क्योंकि हमें तय समय में काम पूरा करना है।”

सीबीआई की इकाई केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों ने भी जले हुए घरों का दौरा किया और नमूने एकत्र करने शुरू किये। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बीरभूम हत्याकांड की जांच का जिम्मा शुक्रवार को सीबीआई को सौंपते हुए सात अप्रैल तक रिपोर्ट सौंपने को कहा था।

Written & SOurce BY : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter