फसल की रखवाली करने के दौरान बटाईदार की हत्या के मामले में फरार ईनामी आरोपी गिरफ्तार
दतिया. भांडेर थाना क्षेत्र के बिछौंदना में गत 20 अक्टूबर को प्रमोद पुजारी के खेत के बटाईदार की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों में से शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर भांडेर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों न्यारे उर्फ राघवेंद्र पुत्र रामकुमार तथा रिंकू पुत्र विनोद राजपूत निवासी बिछौन्दना को खिरियासाहब पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि ट्रैक्टर ट्रॉली टकराने के पुराने विवाद पर 20 अक्टूबर की सुबह रामनारायण पुत्र काशीराम लोधी 45 निवासी बिछौन्दना की मूंगफली की उपज की रखवाली करते के दौरान सात नामजद और तीन अज्ञात लोगों ने मिलकर हत्या कर दी थी। सभी आरोपितों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपित फरार थे, जिन पर तीन-तीन हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक अभी भी आरोपितों में से लखन पुत्र शोभाराम राजपूत, छोटू पुत्र प्रताप राजपूत, सुरेश पुत्र प्रताप राजपूत, शिवशंकर, दुष्यंत पुत्र केशव राजपूत तथा तीन अन्य फरार हैं। पुलिस गिरफ्त में आए दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। इस कार्रवाई में टीआई भांडेर यूएस मंडेलिया, एसआई रोशनलाल भारती, एसआई अजय संसिया, आरक्षक मनोज तोमर, जीत यादव तथा अवधेश दीक्षित की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter