हिमाचल में बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को केंद्र ने दी मंजूरी : दो हजार करोड़ से ज्यादा की राशि होगी खर्च, जान माल के नुकसान में आएगी कमी

New Delhi News : नईदिल्ली । केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा हिमाचल प्रदेश में लगभग 2167.72 करोड़ रुपये की लागत से पांच बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के सचिव की अध्यक्षता में सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण एवं बहुउद्देशीय परियोजना सलाहकार समिति की 150वीं बैठक के बाद सुकेती खड्ड, स्वां नदी एवं सीर खड्ड में बाढ़ संरक्षण परियोजनाओं सहित फिना सिंह बहुउद्देशीय परियोजना तथा अन्य विभिन्न खड्डों के लिए बाढ़ संरक्षण परियोजना को मंजूरी दी गई है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को सदैव अपना दूसरा घर माना है और हिमाचल की आवश्यकतानुसार हर ज़रूरी परियोजनाओं को मंज़ूरी दी है। पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में दैवीय आपदा के चलते हर बरसातों में बाढ़ आम बात है जिसके चलते हर साल काफ़ी जान-माल का नुक़सान होता है।

इसको दृष्टिगत रखते हुए विगत दिनों केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत से मिलकर उनके समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए हिमाचल में बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की मांग रखी थी। जल शक्ति मंत्री ने मांग को अपनी स्वीकृति देते हुए 2167.72 करोड़ की लागत से हिमाचल में पांच बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को अपनी मंज़ूरी दे दी है।

तीन परियोजनाएं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में : अनुराग ठाकुर ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा हिमाचल में पांच में से तीन बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं उनके अपने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में मंज़ूर की गई हैं। फिना सिंह बहुउद्देशीय परियोजना 643.68 करोड़ रुपये की लागत से 1.88 मेगावाट बिजली का उत्पादन करेगी।

मण्डी जिले में ब्यास जलग्रहण क्षेत्र के अंतर्गत सुकेती खड्ड नदी के साथ-साथ उसकी सहायक नदियों पर बाढ़ सुरक्षा उपाय और नहर निर्माण परियोजना शुरू की जानी है। इस परियोजना से 41 हजार से अधिक लोगों को लाभ होगा और 881 हेक्टेयर क्षेत्र संरक्षित होगा। इस परियोजना पर कुल 485.23 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इसी प्रकार, ऊना जिले की अम्ब तहसील में स्वां नदी और उसकी सहायक नदियों के लिए बाढ़ सुरक्षा उपाय प्रदान करने की परियोजना शुरू की जाएगी। इस परियोजना से 14 हजार से अधिक लोगों को लाभ होगा और 510 हेक्टेयर क्षेत्र संरक्षित होगा। परियोजनाओं पर 339.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

तीसरी परियोजना बाढ़ सुरक्षा और विभिन्न खड्डों के लिए कटाव रोकने के उपाय हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में किए जाएंगे तथा इससे 23 हजार से अधिक लोगों को लाभ होगा और 811 हेक्टेयर क्षेत्र संरक्षित होगा। इस परियोजना पर 504.07 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।

अंत में, सीर खड्ड पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर 195.49 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है और इसे बिलासपुर जिले के घुमारवीं तहसील के तलवारा गांव से बालघाट तक किया जाएगा। इस परियोजना से 14 हजार से अधिक लोगों को लाभ होगा और 179 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र संरक्षित होगा।

परियोजनाओं से जानमाल की क्षति में आएगी कमी : यह परियोजनाएं राज्य में नदी की बाढ़ से जान-माल की क्षति को कम करने में एक लंबा सफर तय करेगी। पूर्व में जनमानस की मांग और क्षेत्र के विकास को देखते हुए साल 2000 में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने केंद्र में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से स्वां नदी के तटीयकरण के लिए के लिए 106 करोड़ रुपए आवंटित कराकर इस परियोजना की शुरूआत की थी।

जिसके अंतर्गत मुख्यतः स्वां  नदी के साथ 77 सहायक नदियों के तटीयकरण करना इस परियोजना का उद्देश्य था। जिसमें केंद्र और राज्य की क्रमशः 90% और 10% ख़र्च की हिस्सेदारी थी। स्वां तटीयकरण से अब तक करीब 12000 हेक्टेयर भूमि ज़िला ऊना में कृषि योग्य बनाई गई है। जिससे किसानों को राहत मिली है । अब यह मौजूदा मांग राज्य में नदी की बाढ़ से जान-माल की क्षति को कम करने में एक लंबा सफर तय करेगी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter