दतिया । भांडेर अनुभाग की गौशालाओं का निरीक्षण करने पहुंचे जिला पंचायत सीईओ अतेंद्र सिंह गुर्जर एवं जनपद भांडेर सीईओ आॅफिसर सिंह गुर्जर ने भ्रमण के दौरान करीब आठ गौशालाओं में गौवंश का प्रवेश कराया। इस दौरान अधिकारी द्वय ने पंडोखर गौशाला में गौवंश का तिलक और माला पहनाकर पूजन भी किया। अपने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम पंचायत बागपुरा, अजीतपुरा, सिंघपुरा, धर्मपुरा, पंडोखर का भ्रमण कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों काे भी देखा। साथ ही बागपुरा, बेरछ, बिछौंदना, दलपतपुर, धरमपुरा, धनौटी, लहारहवेली तथा पंडोखर में निर्मित हो चुकीं आठ गौशालाओं में से लहारहवेली की गौशाला को छोड़कर शेष गौशालाओं में गायों का प्रवेश प्रारम्भ कराया गया।
इस मौके पर सचिव, रोजगार सहायक व पशु विभाग के कर्मचारियों को 3 दिन में सभी संचालित गौशालाओं में गायों की टेगिंग कराने व उनकी अच्छी देखरेख के भी निर्देश दिए गए । निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने अजीतपुरा में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया । साथ ही ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड के लाभ बताते हुए ग्राम पंचायत में संचालित शिविर में कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को कोरोना महामारी के दौर में सुरक्षा के मद्देनजर जारी दिशानिर्देशों का पालन करने की हिदायत भी दी। पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तथा समय सीमा में पूरा कराने के पंचायत के संबंधित अमले को निर्देश दिए गए। इस दौरान एई गौतम, पीसीओ नरेश बौद्ध, कालका निरंजन, उपयंत्री, सचिव, रोजगार सहायक आदि मौजूद रहे। अधिकारी द्वय ने भांडेर मुख्यालय से दो किमी दूर संजय निकुंज नर्सरी का भी निरीक्षण किया गया।

