मौसम का बदला मिजाज : तेज आंधी व बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत, तापमान गिरने से हवा में घुली ठंडक

Datia News : दतिया। सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर शहर में दिखा। जिसके कारण सुबह से ही बादल छाए रहे। तेज आंधी के बाद हुई बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। लगातार पड़ रही गर्मी के कारण 42 डिग्री के करीब चल रहा पारा नीचे उतरकर 36 डिग्री पर आ गया। गर्मी से राहत मिलते ही लोग बाजारों में निकले।

सोमवार को तेज आंधी के बाद हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई। पूरे दिन लोगों को गर्मी से राहत रही। दो दिन पहले तक बिना कूलर पंखे के रह पाना जहां मुश्किल हो रहा था। वहीं सोमवार को ठंडी हवाओं ने मौसम सुहावना कर दिया।

बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान तेजी से 5 डिग्री लुढककर 36.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि न्यूनतम पारा मामूली गिरावट के साथ 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को 2 मिमि बारिश दर्ज की गई है।

सुबह करीब 11 बजे के बाद से मौसम ने करवट ली। इसके बाद तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। तेज हवाओं के साथ दोपहर 2 बजे के बाद तेज बारिश हुई। जिससे मौसम हुआ सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम बदलते ही लोगों ने बाहर निकलने की हिम्मत दिखाई। पिछले कुछ दिनों ने गर्मी का रौद्र रुप देखने को मिल रहा था। तेज लू के कारण सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया था। मौसम विभाग ने भी 23 मई से मौसम में परिवर्तन की संभावना जताई थी। मौसम का यह बदलाव 26 मई तक रहने वाला है।

बारिश से मिली राहत : सोमवार को हुई बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी। दतिया सहित ग्रामीण अंचल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिसके कारण ठंडी हवाएं चली। शहर में भी बारिश के बाद मौसम बदल गया।

वहीं बारिश होने से शहर की उन गलियों में आवागमन को लेकर परेशानी हुई जहां सीवर लाइन के लिए खुदाई की गई थी। गलियों में खुदे पड़े गड्ढों में पानी भर जाने से वाहनों का निकलना मुश्किल भरा रहा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!