दतिया। मेडिकल कॉलेज के ऑर्थो वार्ड में मंगलवार रात एक मरीज के अटेंडर और जूनियर डॉक्टरों के बीच विवाद का मामला सामने आया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अटेंडर ने कुछ जूनियर डॉक्टरों पर मारपीट करने और ड्यूटी रूम में बंद करने के आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कमरे से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार बरगाय निवासी प्रदीप पाल अपने चाचा का उपचार कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी जूनियर डॉक्टरों से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ जूनियर डॉक्टरों और अटेंडर के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गई।
अटेंडर पक्ष का आरोप है कि विवाद के बाद प्रदीप को ड्यूटी रूम में बंद कर दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करते हुए युवक को बाहर निकाला। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रशासन ने कहा- आपसी विवाद का मामला : मेडिकल कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट डॉ. अर्जुन सिंह ने मामले को लेकर कहा कि स्थिति सामान्य है और दोनों पक्षों के बीच विवाद को आपसी स्तर पर सुलझा लिया गया है। उन्होंने किसी गंभीर घटना से इनकार किया।
वहीं एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि मरीज को अस्पताल से ले जाने को लेकर अटेंडर और डॉक्टरों के बीच विवाद हुआ था। डॉक्टरों द्वारा मरीज को तत्काल ले जाने से मना करने पर दोनों पक्षों में बहस हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। पुलिस के अनुसार मामले में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर आपसी समझौता कर लिया है।

