आनलाइन मोबाइल रिचार्ज के बहाने 1.20 लाख की ठगी, बैंक से उड़ाए रुपये, साइबर क्राइम को लेकर पुलिस कर रही छानबीन

उड़ीसा । आनलाइन मोबाइल रिचार्ज कराने के बहाने ओडिशा के राउरकेला निवासी लक्ष्मीकांत नायक के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने एक लाख 20 हजार 400 रुपये निकाल लिए। इस संबंध में थाने शिकायत दर्ज कराई गई है। बैंक को इसकी सूचना देने के साथ-साथ पुलिस को भी संबंधित मोबाइल नंबर दिया गया है। पुलिस के अनुसार लक्ष्मीकांत नायक के मोबाइल पर 28 मई की दोपहर एक एसएमएस आया। इसमें मोबाइल एकाउंट को अपडेट नहीं करने पर सिम के लाक हो जाने का उल्लेख था।

एकाउंट लाक होने पर पढ़ाई बाधित होने की आशंका से लक्ष्मीकांत ने अपडेट की प्रक्रिया शुरू कर दी। तब उन्हें 10 रुपये रिचार्ज करने की सलाह फोन पर दी गई। इस झांसे में आकर लक्ष्मीकांत ने आनलाइन 10 रुपये का भुगतान कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद उनके एसबीआइ बचत खाते से पहली बार 99 हजार रुपये, दूसरी बार 20 हजार रुपये और तीसरी बार 1400 रुपये निकाल लिए जाने का संदेश आया। जब उन्हें आनलाइन ठगी का शिकार होने का पता चला तो बैंक एसएमएस ग्राहक सेवा से संपर्क किया तथा बैंक को मेल के जरिए ठगी के संबंध में जानकारी दी।

इस संबंध में शिकायत की गई है। लेकिन पुलिस अबतक किसी साइबर ठग को नहीं पकड़ सकी है। ठगी करने से पूर्व जिस मोबाइल नंबर से एसएमएस भेजे गए थे, वह अब भी चालू है। लक्ष्मीकांत नायक का कहना है कि मोबाइल नंबर ट्रैक कर पुलिस आरोपित की पहचान कर सकती है, लेकिन इस दिशा में अब तक पहल नहीं की गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter