कूनो में बढ़ा चीतों का कुनबा : नामीबिया से आई मादा चीता सियाया ने चार शावकों को दिया जन्म

 कूनो  : प्रदेशवासियों और वन्य-प्राणी जगत के लिए 29 मार्च 2023 बुधवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ी गई 3 वर्ष की नामीबियाई मादा चीता ‘सियाया’ ने 4 चीता शावकों को जन्म दिया है। वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने चीता शावकों के जन्म पर खुशी जाहिर की है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य-प्राणी) जे.एस. चौहान ने बताया कि विगत एक सप्ताह से सियाया की गतिविधियाँ बाड़ा क्रमांक 5 में एक ही स्थान पर केन्द्रित थी। इससे यह एहसास हुआ कि संभवत: सियाया बच्चों को जन्म देने वाली है। बुधवार को जब सियाया शिकार के लिए निकली तो नामीबियाई चीता विशेषज्ञ इलाई वॉकर द्वारा संबंधित स्थान पर सुरक्षित दूरी से देखने पर पाया कि मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितम्बर 2022 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए नर/मादा चीतों में से नामीबियाई मादा चीता “सियाया” द्वारा पहली बार देश की मिट्टी पर वंश वृद्धि की गई है। शावक और सियाया पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं।

प्रधानमंत्री ने जन्म पर प्रसन्नता की व्यक्त : PM नरेन्द्र मोदी ने 17 सितंबर, 2022 को भारत लाए गए चीतों में से एक चीते के चार शावकों के जन्म पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव के एक ट्वीट को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया: “अद्भुत समाचार।”

CM ने बताया प्रोजेक्ट को सफल : यह हमारे लिए अत्यंत आनंददायी है कि कूनो में चीता परिवार बढ़ रहा है। वन विभाग, कूनो नेशनल पार्क, स्थानीय प्रशासन के सफल प्रबंधन से सुखद परिणाम मिले हैं। मैं वन विभाग की पूरी टीम को बधाई देता हूं, जिनकी देख रेख में भारत में चीता प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।

 

 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter