40 हजार रुपये के लिए बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट: कुल्हाड़ी से हत्या कर शव पेटी में छिपाया, बाद में हड्डियां नदी में फेंकी; 11 माह बाद हुआ खुलासा

दतिया | जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र में करीब 11 माह पुराने ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति को लंबे समय से लापता माना जा रहा था, उसकी हत्या उसके ही बेटे ने 40 हजार रुपये के विवाद में कर दी थी।

हत्या के बाद आरोपी ने अपने ताऊ की मदद से शव को कई महीनों तक छिपाए रखा और बाद में सामली नदी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

गुमशुदगी की जांच से शुरू हुई पड़ताल : पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को ग्राम छता निवासी शिवसिंह ने अपने भाई उदयभान सिंह बुन्देला के लगभग 11 माह से लापता होने की सूचना थाना बड़ौनी में दर्ज कराई थी। गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बेटे नितिन सिंह बुन्देला पर संदेह हुआ, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई।

पहले हादसे की कहानी सुनाई
प्रारंभिक पूछताछ में नितिन ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2025 में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर का फाल सिर पर गिरने से उसके पिता की मौत हो गई थी। घबराहट में उसने शव को घर में रखे एक बक्से में छिपा दिया और करीब छह माह बाद अपने ताऊ कल्ली उर्फ अस्पेन्द्र सिंह बुन्देला की मदद से शव को कथरी में लपेटकर सामली नदी में फेंक दिया।

एफएसएल रिपोर्ट से खुला हत्या का राज : पुलिस ने मामले में सामली नदी से बरामद हड्डियां, कपड़े और अन्य साक्ष्य एफएसएल जांच के लिए भेजे। रिपोर्ट में सामने आया कि कल्टीवेटर के फाल से मौत होना संभव नहीं था। इसके बाद दोबारा की गई पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

40 हजार रुपये के विवाद में की थी हत्या : पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता ने ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए उसे 40 हजार रुपये दिए थे। जब पिता लगातार पैसों का हिसाब मांगने लगे, तो अगस्त 2025 में घर में सोते समय उसने कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बक्से में छिपा दिया और परिजनों को यह कहकर गुमराह करता रहा कि उसके पिता काम के सिलसिले में मुंबई गए हैं। करीब छह महीने बाद उसने पूरी घटना अपने ताऊ को बताई, जिसके बाद दोनों ने मिलकर शव को सामली नदी में फेंक दिया।

साक्ष्य बरामद, दोनों आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सामली नदी से मृतक की हड्डियां, कपड़े, कथरी, खाट और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!