अथानी में छत्रपति शिवाजी महाराज की 25 फुट ऊँची प्रतिमा का अनावरण : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम में हुए शामिल

बेलगावी | कर्नाटक के बेलगावी ज़िले के अथानी में रविवार को मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की 25 फुट ऊँची प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए।

इतिहास और परंपरा से जुड़ा आयोजन : प्रतिमा अनावरण के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, रणनीति और प्रशासनिक दूरदृष्टि का उदाहरण है। उन्होंने उल्लेख किया कि शिवाजी महाराज ने कम आयु में स्वराज की संकल्पना को साकार करने की दिशा में कार्य किया और अपने समय में प्रभावी शासन प्रणाली स्थापित की। बेलगावी और आसपास का क्षेत्र उनके दक्षिण भारत अभियानों के दौरान रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है।

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक : कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम बनते हैं। प्रतिमा को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर मंजूनाथ भारती स्वामी, संभाजी भिड़े, कर्नाटक सरकार के मंत्री संतोष लाड़ एवं सतीश जारकिहोली, पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सवादी, कोल्हापुर सांसद  शाहू छत्रपति महाराज, पूर्व मंत्री बी. पाटिल और पी.जी.आर. सिंधे सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।

दौरे के अन्य कार्यक्रम : गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया महाराष्ट्र-कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इससे पूर्व वे कोल्हापुर में बॉम्बे जिमखाना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे तथा ग्रामीण डाक सम्मेलन में ग्रामीण डाक सेवकों से संवाद भी किया था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter