कांग्रेस विधायक के काफिले पर हमला, मंत्री टीएस सिंहदेव के रिश्तेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ में रामानुजगंज से विधायक बृहस्पति सिंह के काफिले पर शनिवार रात 9:30 बजे अंबिकापुर के लरंगसाय चौक के पास हमला किया गया।

घटना में विधायक के फालो वाहन पर पत्थर लगा है। किसी को चोट नहीं आई है। विधायक भी पूरी तरह से सुरक्षित है। घटना के बाद विधायक सीधे कोतवाली थाना अंबिकापुर पहुंच गए है।

उन्होंने घटना की शिकायत दर्ज करा इसे राजनैतिक विद्वेष करार दिया है। रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह शनिवार को अंबिकापुर से रामानुजगंज जा रहे थे।

लरंग साय चौक के पास जैसे ही वे पहुंचे उनके काफिले पर पथराव किया गया। पथराव करने वाले घटनास्थल से तत्काल भाग भी निकले। एक पत्थर विधायक के फालो वाहन के सामने के शीशे पर गिरा।

विधायक ने वाहन रोक लिया। पथराव से विधायक के फालो वाहन के सामने के शीशे को नुकसान हुआ है। किसी को चोट नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कांबले भी तत्काल मौके पर पहुंचे।

उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस की अलग-अलग टीमों को हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विधायक ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी और पुलिस अधीक्षक अमित कांबले को संपूर्ण घटना की जानकारी दी।

विधायक पर हमले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी कोतवाली थाने पहुंच गए थे। घटना को देखते हुए कोतवाली थाने की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। विधायक बृहस्पति सिंह ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली में भी दर्ज कराई है।

विधायक ने कहा कि पिछले दिनों उन्होंने अंबिकापुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कामकाज को बेहतर बताया था। उनके (मुख्यमंत्री) के समर्थन और पक्ष में अपनी बातें कही थी, यही वजह है कि आज उन पर अंबिकापुर शहर में हमला किया गया है। —

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter