छत्तीसगढ़ : पुआल के ढेर में आग लगने से दो बच्चों की मौत, दमकल ने पहुंचकर बुझाई आग

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र में पुआल के ढेर में आग लगने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।

बस्तर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मूरकुची गांव में पुआल में आग लगने से दो बच्चे बिजेंद्र (पांच) और सुजीत (सात) की मौत हो गई।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार मूरकुची गांव में ग्रामीण तुलाराम के घर के पास रखे पुआल के ढेर पर तीन बच्चे सुजीत, बिजेंद्र और मुकेश खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान अचानक ढेर में आग लग गई।

अधिकारियों ने कहा कि जब चार वर्षीय मुकेश ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी तो लोगों ने आग बुझाने की कोशि​श की और दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक तुलाराम के पुत्र बिजेंद्र की मौत हो चुकी थी तथा सुजीत गंभीर रूप से झुलस गया था।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद परिजन सुजीत को तत्काल भानपुरी स्थित अस्पताल लेकर गए, जहां से चिकित्सकों ने उसे महारानी अस्पताल जगदलपुर भेज दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि पुआल के ढेर में आग लगने के कारणों के बारे में अभी पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!