मोदी को 2024 में अगर PM बनाना है तो उप्र में योगी को फिर से बनाएं मुख्यमंत्री : अमित शाह ने उप्र में फूंका चुनावी बिगुल

लखनऊ : 2024 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फ‍िर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाना होगा। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अब तक की सारी अटकलों को खारिज करते हुए कही।

लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान सेक्टर-17 वृन्दावन योजना स्थित कार्यक्रम स्थल में अमित शाह ने ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ नारे के साथ भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक व प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहाकि भाजपा के लोग जब कमल का झंडा और नारा लेकर चल पड़ते हैं तो विपक्षी दलों के दिल दहल जाते हैं।

शाह ने कहाकि यह चुनाव भारत माता को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है। दीपावली के बाद चुनाव तेजी पकड़ेगा और समर्पण दिखाते हुए चुनावी अभियान में तेजी के साथ जुटें। शाह ने भीड़ से चुनाव में तीन सौ से अधिक सीटें जिताने का वचन लेते हुए कहाकि नरेंद्र मोदी को एक और मौका दे दीजिए, योगी को एक बार फि‍र मुख्यमंत्री बना दीजिए, उप्र देश में नंबर एक हो जाएगा।

उन्होंने विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि 2014, 2017 और 2019 के चुनाव से पहले सदस्यता अभियान शुरू किया था और 2022 के चुनाव का श्रीगणेश आज के सदस्यता अभियान से कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के गौरवमयी अतीत और भगवान राम एवं कृष्ण की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कैसी थी, लेकिन 2017 के बाद भाजपा ने उप्र को पहचान दिलाने का कार्य किया और प्रदेश को बहुत आगे ले जाने का कार्य किया। भाजपा ने पहली बार सिद्ध किया कि सरकारें परिवार के लिए नहीं, सूबे के सबसे गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए होती हैं।

विपक्षी दलों, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि फिर से चुनाव के नगाड़े बज गए हैं और जो घर बैठ गए थे, वह नए कपड़े सिलाकर आ गए हैं कि हमारी सरकार बनने जा रही हैं। शाह ने कहाकि मैं अखिलेश से हिसाब मांगता हूं कि पांच साल में आप विदेश कितने दिन रहे, उप्र की जनता को इसका हिसाब दे दीजिए। उन्होंने तंज किया कि इन लोगों ने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और ज्यादा से ज्यादा सोच बड़ी हो गई तो अपनी जाति के लिए किया और किसी के लिए नहीं किया।

शाह ने कहाकि मोदी के नेतृत्व में योगी ने जो सरकार चलाई वह उत्तर प्रदेश के गरीब, महिलाओं, नौजवानों और बेरोजगारों के लिए चलाई। शाह ने सपा और बसपा के साथ गांधी और वाड्रा परिवार पर भी हमला बोला।इस मौके पर शाह ने पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत के बाद ‘मोदी इलेवन’ एप का भी अनावरण किया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter