रीवा बस दुर्घटना में मृतकों के परिजन को एक-एक लाख रूपए की सहायता दी जाएगी – मुख्यमंत्री ने रीवा में हुई बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया

 रीवा  : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हैदराबाद से गोरखपुर जा रही यात्री बस की रीवा में हुई दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस अत्यंत हृदय विदारक दुर्घटना में दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मध्यप्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। यह दुखद है कि इस दुर्घटना में 15 लोगों को नहीं बचाया जा सका। मृतकों के परिजन को मध्यप्रदेश शासन की ओर से एक-एक लाख रूपए की सहायता दी जाएगी।

मृतकों के पार्थिव शरीर को ससम्मान प्रयागराज भेजने के निर्देश रीवा जिला प्रशासन को दिए गए हैं। घायलों का नि:शुल्क इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। घायलों को भी 10-10 हजार रूपए की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय से मीडिया के लिए जारी संदेश में यह बात कही।

मुख्यमंत्री  ने बताया कि उन्होंने आज प्रातः उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर दुर्घटना के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रीवा जिला प्रशासन बचाव और राहत कार्य में लग गया था। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को उपचार के लिये तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!