माँ शारदा की नगरी मैहर को जिला बनाया जाएगा : मुख्यमंत्री बोले – “आज से ही आरंभ होगी जिला बनाने की प्रक्रिया”

भोपाल  : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि माँ शारदा की नगरी मैहर को जिला बनाया जाएगा, आज से ही जिला बनाने प्रक्रिया आरंभ होगी। मुख्यमंत्री ने मैहर की सभा को निवास कार्यालय समत्व से वर्चुअली संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुझे मैहर आकर ही जिला बनाने की घोषणा करने थी, लेकिन केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मंडला और श्योपुर आगमन के कारण मेरा मैहर आना संभव नहीं हो सका। मैं माँ का आशीर्वाद लेकर ही आज यह घोषणा कर रहा हूँ।

ईश्वर से प्रार्थना है कि सूखे का संकट न आए : मुख्यमंत्री ने मैहर की माँ शारदा से प्रदेश में वर्षा के लिए प्रार्थना की करते हुए कहा कि वर्षा के अभाव में किसान परेशान हैं, वर्षा के लिए उज्जैन महाकाल और ओरछा में रामराजा से भी प्रार्थना की है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि प्रदेश में सूखे का संकट न आए, ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद हम सब पर बना रहे।

वर्षा की कमी की स्थिति में हम हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठेंगे : मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा की कमी की स्थिति में हम हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठेंगे। संकट होगा तो भी हम प्रदेशवासियों को संकट से निकालकर ले जाएंगे। सूखे के कारण बिजली की माँग बढ़ी है, इसकी पूर्ति के लिए भी हम प्रयास कर रहे हैं। नहरों में किसान के लिए पानी छोड़ दिया गया है, मैं सतत् रूप से स्थिति पर नजर रखे हूँ। ईश्वर न करे कि फसल खराब हो, लेकिन आवश्यकता हुई तो फसलों का सर्वे भी कराया जाएगा और मुआवजे के साथ-साथ फसल बीमा की राशि भी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। किसान भाई चिंतित न हों, शारदा माँ की पूरी कृपा हम सब पर रहेगी।

मैहर की सभा में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, राज्य मंत्री  रामखेलावन पटेल, सांसद  गणेश सिंह उपस्थित थे। निवास कार्यालय स्थित समत्व भवन में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सांसद वी.डी. शर्मा, विधायक  रामेश्वर शर्मा तथा  कृष्णा गौर, पूर्व विधायक  ध्रुवनारायण सिंह और पूर्व महापौर आलोक शर्मा उपस्थित थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!