राष्ट्रपति की उपस्थिति में लागू होगा पेसा एक्ट : मुख्यमंत्री शिवराज ने खुद दी जानकारी , तैयारियों का लिया जायजा

भोपाल  : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  शहडोल के लालपुर गाँव पहुँच कर राज्य-स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा की। मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश आ रही है। राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी यह पहली मध्यप्रदेश की यात्रा है। हम उनका शहडोल में भव्य स्वागत करें और कार्यक्रम को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व एवं गरिमामयी स्वरूप प्रदान करें।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 15 नवम्बर भगवान बिरसा मुंडा के जन्म-दिवस पर जनजातीय परंपराओं एवं संस्कृति पर आधारित लोक नृत्यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सुनिश्चित किये जायेंगे। राष्ट्रपति का जनजातीय परंपराओं के अनुसार भव्य और गरिमामय स्वागत की तैयारियाँ भी सुनिश्चित की जाये। कमिश्नर शहडोल संभाग  राजीव शर्मा ने सभा स्थल की तैयारियों, बैठक, पार्किंग, पेयजल, परिवहन एवं भोजन व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  बिसाहूलाल सिंह, जनजातीय कल्याण मंत्री  मीना सिंह, विधायक  जयसिंह मरावी,  मनीषा सिंह, शरद कोल, अध्यक्ष नगरपालिका बुढारशालिनी सरावगी, एडीजी  डीसी सागर, मुख्य वन संरक्षक  लाखन सिंह उइके, कलेक्टर  वंदना वैद्य सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

15 नवम्बर को लागू होगा पेसा एक्ट : मुख्यमंत्री चैहान ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा के जन्म-दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में मध्यप्रदेश में सामाजिक समरसता लाने के उददेश्य से पेसा एक्ट लागू होगा। मुख्यमंत्री  चौहान शहडोल जिले के लालपुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव उत्सव की तैयारियों पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी मिलकर सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए महामहिम राष्ट्रपति का ऐसा ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण स्वागत करें, जो उन्हें हमेशा स्मरण रहें। मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से भी इस कार्यक्रम में सहर्ष सहभागिता की अपील की।

राष्ट्रपति जनजातीय गौरव दिवस पर आयेंगी शहडोल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस पर शहडोल आयेंगी। मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति जी को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया। यह हमारा सौभाग्य है कि राष्ट्रपति ने मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण स्वीकार किया।

मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति का प्रथम आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है। मध्यप्रदेश की धरती पर उनका स्वागत है। मुख्यमंत्री  चौहान ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री  चौहान आज पेंच से सीधे शहडोल पहुँच कर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम की जानकारी और तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter