किसानों को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात : 82.70 लाख किसानों के खातों में पहुंचे ₹3,308 करोड़, खंडवा में पुलिस बटालियन और नई सड़क की घोषणा

खंडवा | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा जिला मुख्यालय में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत मध्यप्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में एकमुश्त ₹3,308 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान प्रत्येक पात्र किसान के खाते में ₹4,000 की सम्मान निधि पहुंचाई गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई उन्नत कृषि पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभदायक बनाने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का अभियान है।

प्राकृतिक और आधुनिक खेती अपनाने की अपील : मुख्यमंत्री ने किसानों से मिट्टी की जांच कराने और उसकी उत्पादकता के अनुसार फसल का चयन करने की अपील की। उन्होंने अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल से बचने और प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर बढ़ने पर जोर दिया। साथ ही किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि एक ही खेत में एक से अधिक फसलों की खेती करने से आमदनी बढ़ाने के नए अवसर मिल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार सिंचाई, बिजली, सड़क, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

खंडवा में पुलिस बटालियन और नई सड़क की घोषणा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा में पुलिस बटालियन की स्थापना करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मूंदी से खंडवा के बीच नई सड़क का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।

किसानों, विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर्स का सम्मान : बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को स्मृति स्वरूप हल भेंट किया। मुख्यमंत्री ने जैविक खेती, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर्स को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ-साथ गरीब, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस से पहले चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter