होस्टल के केयरटेकर की शिकायत लेकर बच्चे पहुंचे थाने : मासूम की पिटाई करने को लेकर थे नाराज, मामला हुआ दर्ज

Datia News : दतिया। होस्टल में रहने वाले बच्चों के साथ हो रहे खराब व्यवहार की पोल उस समय खुल गई जब स्थानीय होस्टल में रहने वाले एक 8 वर्षीय बालक के साथ वहां के केयरटेकर ने मारपीट कर दी। जिसमें वह चोटिल हो गया। घटना की खबर पर बालक के स्वजन भी होस्टल पहुंच गए। जो अन्य बच्चों के साथ केयरटेकर की शिकायत करने थाने पहुंचे। जहां उस पर मामला दर्ज कर लिया गया।

हाेस्टल के अन्य बच्चों के साथ खेलना एक मासूम को भारी पड़ गया। हाेस्टल के केयरटेकर ने इस बात से नाराज होकर उसकी बेल्ट और लात घूसों से बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना रविवार की है। मासूम की पिटाई के बाद हाेस्टल के बच्चे गुस्से में आ गए और इस बात की खबर उन्होंने देवराज के स्वजन तक पहुंचाई।

जो मौके पर पहुंचे और उन्होंने होस्टल के अन्य बच्चों के साथ जाकर केयरटेकर की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई। इस शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर मारपीट का शिकार बने मासूम का मेडीकल परीक्षण कराने अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार दतिया में करन सागर तालाब स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस होस्टल में एक 8 वर्षीय मासूम किशोर देवराज पुत्र देशराज अहिरवार निवासी पालीनूर रविवार को छुट्टी के दिन होस्टल में साथ रहने वाले अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। तभी होस्टल के केयरटेकर प्रवीण शर्मा ने उसे आवाज लगाई जो वह नहीं सुन सका।

इस बात से नाराज होकर प्रवीण ने बालक देवराज की बेरहमी से बेल्ट और लात से मारपीट कर दी। इस मारपीट में बालक को चोटें आई। यह देखकर उसके साथी बच्चे मारपीट का शिकार बने देवराज को साथ लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे गए। जहां पीड़ित बच्चे के स्वजन की मौजूदगी में उन्होंने केयरटेकर प्रवीण की पुलिस से शिकायत की।

साथ ही बालक के शरीर पर चोट के निशान दिखाए। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित बालक को मेडीकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सिविल लाइन थाना प्रभारी धवल सिंह चौहान ने बताया कि होस्टल के छात्रों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!