रक्षामंत्री पहुंचे मां पीतांबरा के दरबार : पूजा अर्चना कर मत्था टेका, 28 मिनट तक बंद रहे मंदिर के मुख्य द्वार

दतिया : देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बुधवार सुबह करीब 11.40 बजे सड़क मार्ग से दतिया पहुंचे। दतिया पहुंचने पर गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने उनकी अगवानी की। पीतांबरा पीठ परिसर के निकट मौजूद भाजपा पदाधिकारियों से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का गृहमंत्री डॉ.मिश्रा ने परिचय कराया। जहां पदाधिकारियों ने रक्षामंत्री का स्वागत किया।

पीतांबरा पीठ मंदिर में रक्षामंत्री ने लगभग 28 मिनट रुककर पूजा अर्चना की। उनके काफिले ने 11.40 बजे पीतांबरा मंदिर में प्रवेश किया और 12.18 बजे वह मंदिर से बाहर निकल आए। पीतांबरा पीठ पहुंचने पर पुजारी चंदा गुरू ने उन्हें मां बगुलामुखी के दर्शन कराएं। यहां रक्षामंत्री ने मां के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद वह स्वामी जी महाराज के दर्शन करने पहुंचे।

मंदिर परिसर में बने अन्य मंदिरों के दर्शन करते हुए रक्षामंत्री महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव के गर्भगृह में आएं। यहां उन्होंने पंडित पुजारियों के मंत्रोच्चारण के बीच भगवान वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

इस दौरान गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी उनके साथ ही रहे। रक्षामंत्री के प्रवास को लेकर पीतांबरा मंदिर सहित आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एसपीजी और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी थी।

कुछ देर के लिए बंद रहा पीठ का मुख्य द्वार

रक्षामंत्री के पीतांबरा पीठ मंदिर में प्रवेश करते ही पीठ का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। जिसके कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बाहर खड़े रहकर इंतजार करना पड़ा। बताया जाता है कि इस दौरान झांसी से अाए भाजपा विधायक सहित कुछ अन्य नेताओं को भी सुरक्षा जवानों ने अंदर नहीं जाने दिया गया। जब तक रक्षामंत्री मंदिर में रहे तब तक मुख्य द्वार सहित अन्य प्रवेश मार्ग बंद रखे गए। जिसके चलते श्रद्धालुओं को दरवाजे खुलने को लेकर इंतजार करना पड़ा।

रक्षामंत्री की सुरक्षा में रहा चलित जैमर

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के काफिले में एक वाहन पर सेना का चलित आधुनिक मोबाइल जैमर भी लगा हुआ था। यह जैमर पीतांबरा मंदिर के मुख्य द्वार पर लगाया गया था। इसके बाद पीतांबरा मंदिर के अंदर से मोबाइल लगना बंद हो गए थे। विशेष व्यवस्था कर मोबाइल जैमर को मंदिर के सबसे समीप वाले स्थान पर स्थापित किया गया था। ताकि आसपास के दो किलोमीटर के एरिया में मोबाइल संचालन या अन्य टेलीफोन आदि सब बंद हो जाए। इसके लिए सेना का विशेष रूप से आईटी विशेषज्ञ राजनाथ सिंह के काफिले के साथ आए थे। पीतांबरा मंदिर से बाहर जाते समय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बाहर खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं नेताओं से मिले।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter