CM शिवराज की केन्द्रीय मंत्री वैष्णव से भेंट : इंदौर की रेल कनेक्टिविटी के संबंध में हुई चर्चा

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रेल भवन में भेंट कर प्रदेश से जुड़ी विभिन्न रेल परियोजनाओं संबंधी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय रेल मंत्री से इंदौर-मनमाड और इंदौर-दाहोद रेलवे लिंक को शीघ्र पूरा करवाने का अनुरोध किया। साथ ही इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण में राज्य सरकार की ओर से समुचित कार्यवाही का भी आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों लिंक परियोजनाओं के पूर्ण होने से इंदौर, पीथमपुर और धार क्षेत्र के और अधिक औद्योगिकीकरण में मदद मिलेगी। उन्होंने वर्षों पुरानी इंदौर-बुधनी रेल परियोजना की मांग को जल्द पूरा करवाने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का इस वर्ष सितम्बर माह से पहले इंदौर और भोपाल शहरों में मैट्रो चलाने का लक्ष्य है। इसके लिए विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस संबंध में विशेषज्ञ मानव शक्ति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने जन-सेवा मित्रों से संवाद किया : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरदा जिले के रहटगाँव में जन-सेवा मित्र एवं जन अभियान परिषद के अमले से संवाद कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के प्रति महिलाओं में जागरूकता लाने एवं अन्य योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने की अपेक्षा की।

इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री  तुलसीराम सिलावट, कृषि मंत्री कमल पटेल, क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उईके, क्षेत्रीय विधायक  संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह सहित स्थानीय जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter