मां बगलामुखी के दरबार में शनिवार को हाजिरी लगाएंगे CM योगी आदित्यनाथ और केशव मौर्य, दतिया में बढ़ी सुरक्षा

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया स्थित प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजनीति के दो प्रमुख नेताओं की मौजूदगी का साक्षी बनेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya मां पीतांबरा और बगलामुखी देवी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए दतिया पहुंचेंगे।

दोनों नेताओं के दौरे को देखते हुए दतिया एयरपोर्ट से लेकर पीतांबरा पीठ परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं तथा वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर विशेष प्रबंध किए गए हैं।

कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सुबह पीतांबरा पीठ पहुंचकर दर्शन करेंगे और इसके बाद दतिया एयरपोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री निर्धारित समय पर दतिया पहुंचने के बाद सीधे मंदिर जाएंगे और वहां विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेंगे। दर्शन के पश्चात वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो जाएंगे।

राजनीतिक दृष्टि से भी इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भाजपा के शीर्ष नेताओं का धार्मिक स्थलों पर पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में दतिया में दोनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

पीतांबरा पीठ देशभर के राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। समय-समय पर विभिन्न राज्यों के नेता यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter