दतिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दतिया पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में मां पीतांबरा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री विशेष विमान से दतिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सीधे पीतांबरा पीठ रवाना हुए।
उन्होंने मां पीतांबरा से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर दतिया एयरपोर्ट से लेकर पीतांबरा पीठ तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मंदिर परिसर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती रही। वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित रही, जिसके बाद दर्शन व्यवस्था पुनः सामान्य कर दी गई।
मुख्यमंत्री ने पीतांबरा पीठ परिसर में स्थित प्राचीन वानखंडेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। करीब 15 मिनट तक पीठ परिसर में रहने के बाद वे सड़क मार्ग से झांसी के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर प्रशासन पूरे समय अलर्ट मोड पर रहा।
गौरतलब है कि पीतांबरा पीठ देशभर के श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। समय-समय पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति यहां पहुंचकर मां पीतांबरा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।

