कांग्रेस नेता के ट्वीट पर सीएम योगी का पलटवार कहा – सत्ता की लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं राहुल

लखनऊ : गाजियाबाद के लोनी में समुदाय विशेष के व्यक्ति से मारपीट और दाढ़ी काटे जाने की घटना पर हिंदुत्व के साथ सरकार को घेरने की कोशिश विपक्षी दलों ने तेज कर दी है। पुलिस द्वारा कई तथ्य सामने रखे जाने के बावजूद विपक्षी नेता इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश में जुटे हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ऐसे ही ट्वीट पर पलटवार करते हुए उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल को सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार करने वाला बताया।

योगी ने मंगलवार को ट्वीट में लिखा- प्रभु श्री राम की पहली सीख है- सत्य बोलना, जो आपने कभी जीवन में किया नहीं। शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं।

सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना, उन्हें बदनाम करना छोड़ दें। योगी ने यह जवाब राहुल गांधी के उस ट्वीट के जवाब में दिया, जिसमें उन्होंने लिखा था- मैं यह मानने को तैयार नहीं हूं कि श्रीराम के सच्चे भक्त ऐसा कर सकते हैं।

ऐसी क्रूरता मानवता से कोसों दूर है और समाज व धर्म, दोनों के लिए शर्मनाक है। इसी तरह समाजवादी पार्टी व अन्य दलों के नेता भी इस मुद्दे को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter