सीएम का नजर आया अलग अंदाज : पीतांबरा पीठ पर सुरक्षा बल से बोले किसी श्रद्धालु को न रोकें हम सब साथ दर्शन करेंगे

Datia news : दतिया। रविवार को अचानक अल्प प्रवास पर हैलीकाप्टर से दतिया आए सीएम शिवराज सिंह चौहान सपत्नीक पीतांबरा पीठ पहुंचे। जहां उन्होंने करीब 40 मिनिट तक रुक कर पूजा अर्चना की। सीएम ने पीठ परिसर में अन्य मंदिरों के दर्शन भी किए। इस दौरान शिवराज सिंह अलग अंदाज में नजर आए।

उनके आने के बाद जैसे ही सुरक्षा कर्मियों ने अन्य श्रद्धालुओं को रोकने की कोशिश की, वैसे ही सीएम ने उन्हें ऐसा करने से राेका। उन्होंने कहाकि किसी भी श्रद्धालु को न रोकें, हम सब साथ में दर्शन करेंगे। इसके बाद सीएम ने सपत्नीक अन्य श्रद्धालुओं के साथ ही वहां दर्शन किए।

इससे पहले रविवार शाम सीएम शिवराज सिंह दतिया आए थे। दतिया हवाई पट्टी पर भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सपत्नीक पीतांबरा पीठ पहुंचे। जहां उन्होंने मां बगुलामुखी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पीठ स्थित अन्य मंदिरों पर भी माथा टेका। साथ ही महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया। इस दौरान उनके साथ सेवढ़ा विधानसभा के प्रत्याशी पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला सहित कई अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

वनखंडेश्वर महादेव पर कुछ देर रुके : सीएम शिवराज सिंह और साधना सिंह जब वनखंडेश्वर महादेव के पास पहुंचे तो वहां भी श्रद्धालु मौजूद थे। जिन्हें देखकर वह कुछ देर के लिए रुक गए। जब स्थान मिला तब उन्होंने पूजा अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 40 मिनिट तक पीठ पर रुके।

मतगणना से पहले दतिया आना चर्चा में : पीठ पर पूजा अर्चना के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहाकि प्रदेश और देश की समृद्धि की कामना लेकर वह मां के दरबार में आए हैं। ताकि प्रदेश का विकास निरंतर चलता रहे, वह अवरुद्ध न हो।

विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीटों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहाकि यह सब तीन दिसंबर को देख लेंगे । इसके बाद मुख्यमंत्री दतिया से ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के अचानक दतिया प्रवास को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हैं। मुख्यमंत्री के इस प्रवास को किसी विशेष अनुष्ठान से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!