दमन/दादरा और नगर हवेली/दक्षिण गुजरात | लगातार बारिश और भीषण बाढ़ के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने दमन, दादरा और नगर हवेली तथा दक्षिण गुजरात के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाते हुए 170 लोगों को सुरक्षित बचाया। 22 जुलाई की मध्यरात्रि से अब तक तटरक्षक बल ने नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय कर 11 अलग-अलग बचाव अभियान चलाए। इस दौरान बेहद खराब मौसम, तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा।
खानवेल से शुरू हुआ बचाव अभियान, बाढ़ में फंसे लोगों को निकाला : बचाव अभियान की शुरुआत 22 और 23 जुलाई की रात खानवेल, सिलवासा से हुई, जहां से पांच फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद कदैय्या तटीय क्षेत्र में बाढ़ग्रस्त नदी के किनारे फंसे तीन मछुआरों को भी सुरक्षित निकाला गया। वहीं, 23 और 24 जुलाई की रात चलाए गए एक बड़े अभियान में बाढ़ प्रभावित वेल्सपन औद्योगिक क्षेत्र में फंसे 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाढ़ के कारण इस क्षेत्र का सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया था।
बस में फंसे लोगों समेत कई इलाकों में चलाए रेस्क्यू ऑपरेशन : तटरक्षक बल के अभियानों में एयरो फाइबर प्राइवेट लिमिटेड के पास बाढ़ के पानी में फंसी एक बस से सात लोगों को बचाना, डोंगरी से 10 लोगों को सुरक्षित निकालना और वलसाद-पर्डी क्षेत्र से हेलीकॉप्टर के जरिए चार लोगों को रेस्क्यू करना शामिल रहा। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज क्षेत्र से रातभर चले अभियान में आठ लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
गर्भवती महिला समेत मरीजों को समय पर मिली मदद : एक अन्य महत्वपूर्ण अभियान में तटरक्षक बल ने अवध सोसाइटी क्षेत्र से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें नौ माह की गर्भवती महिला और सांस लेने में परेशानी से जूझ रही एक अन्य महिला भी शामिल थीं। दोनों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
नवसारी में हेलीकॉप्टर से 33 लोगों का एयरलिफ्ट : 24 जुलाई को भारतीय तटरक्षक बल के दो हेलीकॉप्टरों ने नवसारी जिले के मेंदर गांव में बाढ़ में फंसे 33 लोगों को सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट किया। इनमें एक व्यक्ति भी शामिल था, जिसे सीने में तेज दर्द की शिकायत थी और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

