दतिया । गुरुवार को मकर संक्रांति के मौके पर कलेक्टर संजय कुमार ने भांडेर अनुभाग के आदिवासी बाहुल्य गांव हंसापुर पहुंचकर आदिवासी बच्चों को गजक व मिष्ठान वितरित किया। इससे पहले कलेक्टर रबी फसल की गिरदावरी जांचने अनुभाग के गांव ततारपुर तथा पिपरौआ गए। वहां उन्होंने सम्बंधित पटवारियों को सही और समय से गिरदावरी करने के निर्देश दिए। पटवारियों को बताया गया कि गिरदावरी रजिस्टर का डेटा मोबाइल के सारा एप और किसान एप में भी सही दर्ज हो, जिससे उपार्जन और अन्य किसानों से सम्बंधित योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में किसी भी तरह की गलती न होने पाए।
मेरा बच्चा अभियान के तहत गोद लिया बच्चा
संक्रांति के अवसर पर हंसापुर पहुंचे कलेक्टर ने आदिवासी बच्चों को तिल मिष्ठान एवं अन्य खाद्य सामग्री भेंट की। इस दौरान उन्होंने ग्राम बैजापारा निवासी हाल निवास हंसापुर के राजेश के तीन वर्षीय पुत्र दिनेश को उन्होंने कुपोषण मुक्त अभियान मेरा बच्चा के तहत गोद लिया । उसका हालचाल जाना । इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित माताओं को बच्चों के लालन पालन संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए, भीषण सर्दी के बीच उन्हें सुरक्षित रखने की सलाह दी। इस दौरान सीडीपीओ भांडेर सपना यादव भी मौके पर मौजूद रहीं।
इस अवसर पर शराब सेवन के चलते जैसा मुरैना में हादसा हुआ उससे बचने के लिए आदिवासी पुरुषों को शराब से दूर रहने की नसीहत एसडीएम भांडेर अरविंद सिंह माहौर ने भी दी। उन्होंने अंतिम पांत में सम्मिलित सभी योजनाओं में पात्र लोगों का सर्वे कर सबको सुविधाओं का लाभ देने के लिए सचिव और रोजगार सहायक को निर्देशित भी किया ।
सीईओ जनपद पंचायत भी पहुंचे आदिवासी बच्चों के बीच
कलेक्टर के आगमन से पूर्व सीईओ जनपद पंचायत भांडेर आफिसर सिंह गुर्जर भी मकर संक्रांति के मौके पर आदिवासी बाहुल्य गांव हंसापुर के आदिवासी बच्चों के बीच पहुंचे और उन्होंने बच्चों को तिल मिष्ठान वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से उनकी परेशानियां जानी तथा इनके संदर्भ में उन्हें संचालित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें स्वास्थ्य उपचार में आर्थिक खर्च से बचने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की सलाह भी दी।

