खरीदी गई धान को गोदामों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था जल्दी की जाएं – कलेक्टर

दतिया. शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले में की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक कलेक्टर विजय दत्ता की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुई । बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहाकि उपार्जन केन्द्रों पर धान खरीदी का कार्य कोविड-19 की गाईड लाईन का पालन करते हुए किया जाए। उन्होंने धान खरीदी के लिए पर्याप्त मात्रा में वारदाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए । उन्होंने खरीदी गई धान को भंडारण के लिए गाेदामों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहाकि किसानों द्वारा धान उपार्जन के लिए सोसाइटियों के माध्यम से पंजीयन कराने के साथ मोबाईल एप के माध्यम से भी किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इन किसानों को उपार्जन केन्द्र पर धान उत्पादन से संबंधित दस्तावेज साथ लाने होंगे। कलेक्टर ने कहाकि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी उपार्जन केन्द्रों पर कोविड-19 की गाईड लाईन का पालन करते हुए किसी भी किसान का तापमान बढ़ने या सर्दी जुकाम की शिकायत होने पर त्वरित फीवर क्लीनिक को भेजने की समुचित व्यवस्था की जाए । इसके साथ ही प्रत्येक उपार्जन केन्द्र पर प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था रखें।

बैठक में बताया गया कि साढ़े सात लाख बोरो की आवश्यकता है। जिसकी व्यवस्था नागरिक आपूर्ति निगम और मार्फेड द्वारा की जा रही है। बैठक में उपार्जन के दौरान किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के संबंध में भी चर्चा की गई।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter