दतिया । जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध हो इसके लिए कलेक्टर संजय कुमार ने सोमवार को सुबह जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और सुविधाओं के संबंध में भर्ती मरीजों एवं उनके साथ आए स्वजनों से भी चर्चा कर चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एसएन उदयपुरिया, सिविल सर्जन डा. एसएन शाक्य, दतिया मेडिकल काॅलेज के डीन डा. राजेश गौर सहित चिकित्सगण एवं समाजसेवी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर कुमार ने जिला चिकित्सालय के एमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीज गुरूनानक कालौनी की श्रीमती द्रोपती बाई एवं सेवढ़ा चुंगी निवासी नेत्र रोगी दिनेश अहिरवार से उनकी बीमारी के संबंध में चर्चा कर नेत्र रोगी दिनेश अहिरवार का बेहतर उपचार कराए जाने के लिए नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं सिविल सर्जन को निर्देश दिए। उन्होंने वार्डो में भर्ती मरीजों के पास अधिक संख्या में परिजन उपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चिकित्सकों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि भर्ती मरीज के पास अति आवश्यक होने पर ही स्वजनों को जाने दिया जाए। किसी भी स्थिति मंे मरीज के पास भीड़ एकत्रित न हो। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में अनावश्यक रूप से आने वाले लोगों पर भी निगरानी रखें और उनसे पूछतांछ भी करें तथा चिकित्सालय में उपचार हेतु आने वाले मरीजों को विधिवत रूप से उनका पंजीयन कराकर संबंधित चिकित्सक के पास उपचार हेतु भेजे।
सफाई, पार्किंग व सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए
कलेक्टर ने कहा कि चिकित्सालय में लोग अनुशासन में रहे एवं सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी बढ़ाए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय परिसर का भी भ्रमण करते हुए सिविल सर्जन एवं सबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई के विशेष प्रबंध किए जाए। इसके साथ ही वाहनों के लिए पार्किग की भी समुचित व्यवस्था हो जिससे चिकित्सालय परिसर में अव्यवस्थित रूप से लोग वाहनों को पार्क न कर सके।
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक एवं सुंदर बनाए जाने के लिए आसपास लगी दुकानों को भी व्यवस्थित रूप से करने के निर्देश दिए। चिकित्सालय परिसर में मरीजों के साथ आने वाले स्वजनों को बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. उदयपुरिया, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ राजेश गोड, सिविल सर्जन डॉ, एसएन शक्य, समाजसेवी डॉ. राजू त्यागी , वल्देवराज वल्लू, पुनीत टिलवानी आदि मौजूद रहे। डॉ. राजू त्यागी द्वारा जिला अस्पताल प्रबंधन को एक व्हील चेयर दान स्वरूप दी गई।

