ओला प्रभावित गांवों में पहुंचे कलेक्टर, किसानों से कहा तीन दिन में कराएंगे सर्वे, 7 दिन में बांट देंगे मुआवजा

Datia News : दतिया। ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों में बुधवार को कलेक्टर पहुंचे। उन्होंने खेतों में पहुंचकर प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान को जायजा लिया। कलेक्टर को अपने बीच देखकर ग्रामीणों ने भी खुलकर उनके सामने अपनी बात रखी। अधिकांश किसानों ने बताया कि ओलों के कारण उनकी सरसो व मटर की फसल को काफी नुकसान हुआ है।

किसानों ने इस बार जल्दी सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की गुहार भी कलेक्टर से लगाई। कुछ किसानों ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें इस बार की फसल से काफी उम्मीद थी, लेकिन मौसम ने धोखा दे दिया। जिससे वह आर्थिक संकट में आ गए हैं। ऐसे में प्रशासन उनकी मदद करे।

कलेक्टर ने फसलों के नुकसान का जायजा लेने के बाद कृषकों को भरोसा दिलाया कि तीन दिन के अंदर राजस्व अमले द्वारा फसलों के नुकसान का सर्वे पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।

सर्वे उपरांत सात दिवस के अंदर पात्रतानुसार जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है उन्हें नियम एवं पात्रतानुसार राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर की इस बात पर मौजूद किसानों ने संतोष जताया।

गौरतलब है कि शनिवार 8 जनवरी की रात सेवढ़ा और भांडेर अनुभाग में ओलावृष्टि के कारण कई गांवों में खड़ी सरसों व मटर की फसल को नुकसान पहुंचा था। जिसके बाद किसान सर्वे कार्य की लगातार मांग कर रहे थे।

भ्रमण के दौरान मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार कल्पना कुशवाह ने बताया कि निर्देशों का पालन करते हुए गुरुवार से सर्वे टीम सभी प्रभावित गांवों का भ्रमण करेगी। टीम में पटवारी, आरइओ, सचिव सहित अन्य लोग भी शामिल रहेंगे।

कलेक्टर के ओलो प्रभावित गांवों में पहुंचने पर वहां मौजूद किसानों ने सर्वे को लेकर भी उनके सामने समस्या रखी। जिस पर कलेक्टर ने उन्हें संतुष्ट किया कि सर्वे कार्य में पूरी निगरानी रखी जाएगी।

शासन प्रशासन उनके संकट की घड़ी में साथ खड़ा है। किसान किसी प्रकार की चिंता न करें। कलेक्टर ने कहाकि नियमानुसार सर्वे के बाद जिन किसानों का नुकसान हुआ उन्हें पात्रतानुसार मुआवजा राशि मिलेगी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter