दतिया । महाविद्यालयों की कक्षाएं कोविड-19 की गाईड का पालन करते हुए 50 फीसदी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के साथ शुरू की जाएंगी। उक्त जानकारी कलेक्टर संजय कुमार ने बुधवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में दी। उन्होंने कहाकि जिले में वर्तमान में कोरोना संक्रमण के प्रकरणों में काफी कमी आई है। कोरोना के बचाव के लिए जिले के तीन स्थानों पर कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा है। कोविड का टीका पूरी तरह से सुरक्षित प्रभावी एवं कारगर है। इसका किसी भी प्रकार का साइड इफेक्ट नहीं है। समूह के सदस्य जन सामान्य को यह बताए की भ्रांतियों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों के बाद फ्रंट लाईन पर कार्य करने वाले राजस्व, नगर पालिका, पुलिस, पंचायत आदि विभागों के कर्मचारियों को वैक्सीनेशन किया जाएगा। जिसके लिए संबंधित विभाग एनआईसी में पंजीयन करा सकेंगे।
बैठक में बताया गया कि महाविद्यालयों में अभी आॅन लाईन कक्षाएं संचालित है। लेकिन समिति के निर्णय अनुसार महाविद्यालय की कक्षाएं 50 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में कोविड गाईड लाईन का का पालन करते हुए शुरू की जाएंगी। बैठक में समूह के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोविड गाईड लाईन का पालन करते हुए सरकारी भवनों की तर्ज पर निजी भवनों पर भी रोशनी की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एसएन उदयपुरिया ने बताया कि जिले का कोरोना का पाॅजीटिव रेट पांच है। रिकवरी रेट 9.6 से अधिक है। सर्दी के कारण लोगों का घर से बाहर कम निकलने के कारण कोरोना के प्रकरणों में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी से जिले के तीन स्थानों पर कोरोना वैक्सीनेशन किया जा रहा है। जिसमें प्रथम दिन 59 प्रतिशत, िद्वतीय दिन 43 प्रतिशत, तृतीय दिन 50 प्रतिशत टीके लगाए गए । जिले में 90 प्रतिशत चिकित्सकों द्वारा टीका लगवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मास्क के उपयोग करने से कोरोना के प्रकरणों के साथ-साथ एलर्जी के प्रकरणों में भी कमी आई है। बैठक में पीताम्बरा पीठ पर मां धूमावती के दर्शनों का समय श्रद्धालुओं के लिए शनिवार को बढ़ाने का मुद्दा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया गया। जिस पर कलेक्टर ने जानकारी दी कि पीठ प्रबंधन से इस मामले में बात की गई है। बैठक में अन्य मुद्दों को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अतेन्द्र सिंह गुर्जर, सदस्यगण राजू त्यागी, सुरेन्द्र बुधौलिया, प्रशांत ढंेगुला, दीपक सोनी, विजय सचदेवा, बलदेव राज बल्लू, विजय झण्ड़ा गुरू, विपुल नीखरा, गौरव दुबे तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
