रंग बिरंगी विद्युत साज सज्जा ने बढ़ाई दतिया व्यापार मेले की छटा, मेले का आनंद लेने पहुंचे रहे सैलानी

दतिया ।  बम बम महादेव के पास पार्क के पीछे लगे दतिया व्यापार मेले में इन दिनों सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। मेले में रंगबिरंगी विद्युत साज सज्जा के साथ आकर्षक वस्तुओं की लगी दुकानों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। उत्सवी माहौल के बीच परिवार के साथ लोग शाम ढलते ही मेले की ओर रुख कर लेते हैं। यहां झूलों के आनंद के साथ व्यंजन का लुत्फ लेने लोग बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं।

मेला शुरू हुआ करीब एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है। मौसम अच्छा होने के कारण शहर के लोग रविवार के अलावा भी यहां भारी मात्रा में आ रहे है। मेले में खूब रंग आने लगा है। यहां कई प्रकार के झूले व कई तरह की दुकानें सज गई है। मेला एक माह की अवधि तक चलेगा। नगर पालिका परिषद दतिया ने मेले में आने वाले लोगों के लिए लगभग सभी सुविधाएं मुहैया कराई है। यहां पेयजल व्यवस्था व रास्ता सुव्यवस्थित कराया गया है।

झूलों का आनंद लेने पहुंच रहे बच्चे

मेले में झूले, खेल, खिलौने सहित चाट पकोड़े की दुकानें शहरी एवं ग्रामीण इलाकों के लोगों के मनोरंजन के लिए लगाई गई है। यहां कई दुकानदार अन्य शहरों से भी आए है, जिन्होंने कई अलग-अलग तरह की दुकानें लगाई है। दतिया व्यापार मेले की शुरुआत गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा के प्रयासों से वर्ष 2014 में हुई थी। मेले में लगे झूलों पर बच्चे पहुंचकर खूब आनंद ले रहे हैं।मेले में भीड़भाड़ के कारण अच्छा व्यवसाय हो रहा है। कुछ दुकानदारों को इस बार मेले में अच्छा व्यवसाय होने का अनुमान है।

ज्वैलरी और कपड़ों की दुकानें बन रही आकर्षण का केंद्र

व्यापार मेले के समन्वयक वीरसिंह यादव एवं आरएन वर्मा ने बताया कि मेले में जो खास दुकानें लगाई गई है। इनमें से खुर्जा की क्राकरी, खुर्दनगर की ज्वैलरी, एंटीक व हैंड मेड ज्वैलरी भी यहां उपलब्ध है। इसके अलावा मेरठ की खादी और उ.प्र. के कारपेट तथा फर्नीचर की कई दुकानें बाहर से आकर यहां पर लगाई गई है। मनोरंजन के लिए जो झूले लगाए गए हैं, इनमें प्रमुख रूप से ब्रेक डांस झूला, कोलंबस नाव, चांद-तारा झूला और ज्वाइंट व्हील नामक झूले लगाए गए है, जो बच्चों के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। इसके अलावा मेले में कई खानपान की दुकानों पर खासी भीड़ हो रही है। इनमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन का स्वाद मेले में आने वाले लोगों ने लेना शुरू कर दिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter