गुरुपूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का संगम : पीतांबरा पीठ पर लगी भीड़, पंडोखरधाम में पहुंचे देश विदेश के शिष्य

Datia news : दतिया। गुरु-शिष्य के प्रेम, समर्पण, त्याग का पर्व गुरु पूर्णिमा गुरुवार को जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों पर भंडारों के साथ भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर शिष्यों ने अंचल के अन्य गुरु आश्रम पहुंचकर अपने गुरुओं के चरण छुए और सुख समृद्ध जीवन का आशीर्वाद लिया। गुरुपूर्णिमा पर्व पर अंचल के मंदिरों और गुरु आश्रमों पर शिष्यों की काफी भीड़ रही। पूर्णिमा होने के चलते लोगों ने पवित्र नदियों में स्नान पर्व लेने की परंपरा का निर्वाहन भी किया। इसके बाद गुरु आश्रम पहुंच कर यहां चल रहे भंडारों में प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान पीतांबरा पीठ, अनामय आश्रम, रामलला मंदिर, हनुमानगढ़ी चैतन्य आश्रम, पंडोखर धाम, गोंदन सरकार, सिंधी मंदिर गाड़ी खाना, केतन हनुमान मंदिर, गंजी के हनुमान मंदिर, पररशुराम मंदिर, कपाली आश्रम, चिरई टोर आश्रम, रतनगढ़ माता मंदिर, उनाव बालाजी में गुरू पर्व मनाया गया। पीतांबरा पीठ पर हुआ पादुका पूजन : गुरु पूर्णिमा पर्व पर पीतांबरा पीठ के मुख्य द्वारा पर साज सज्जा की गई। पीठ पर करीब 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। पीतांबरा पीठ पर स्वामी जी के शिष्य देश-विदेश से गुरू पादुका पूजन के लिए वहां पहुंचे। इस दौरान पीठ ट्रस्ट की अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे भी दतिया आई। जहां उन्होंने स्वामीजी महाराज की पादुका पूजन में भाग लिया। पीठ पर कई अन्य विशिष्ठजन भी इस मौके पर मौजूद रहे।

वहीं गुरुपूर्णिमा के मौके पर पीठ के प्रसाद भंडार से डेढ़ क्विंटल प्रसाद भक्तों द्वारा खरीदा गया। वहीं करीब एक क्विंटल से ज्यादा फूलमालाओं की बिक्री हुई। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने के लिए पीठ प्रांगण में बेरीकट्स लगाए गए थे। जहां से श्रद्धालुओं को क्रमबद्ध तरीके से पादुका पूजन के लिए भेजा गया। यह क्रम दोपहर बाद तक चला। इसके बाद अन्नपूर्णा भवन में विशाल भंडारे का आयोजन संपन्न हुआ

पंडोखर धाम में मना गुरुपूर्णिमा महोत्सव : गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर प्रसिद्ध पंडोखर सरकार धाम में सुबह से देर रात तक भक्तों एवं शिष्यों का आना लगा रहा। पंडोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज के दर्शन पूजन करने एवं मंत्र दीक्षा प्राप्त करने बाहरी राज्यों से भी उनके शिष्य यहां पहुंचे। गुरुपूर्णिमा पर सुबह गुरुशरण महाराज ने बालाजी एवं पंडोखर सरकार के दर्शन कर पूजन किया। तत्पश्चात अपने गुरुधाम बरहा पहुंचे। जहां हाथीवान महाराज के भी दर्शन किए। पंडोखरधाम ट्रस्ट के संस्थापक मुकेश गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर बाहर से आए शिष्यों और भक्तों द्वारा अपने गुरु की सामूहिक महाआरती की गई। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर कई राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी धाम पर पहुंचे।

गुरुशरण जी महाराज के शिष्य एवं पण्डोखर धाम के संस्थापक ट्रस्टी मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने उक्त जानकारी देते हुए बतलाया कि दो दिन पूर्व से ही देश विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुरुशरण महाराज के शिष्यों और पण्डोखर धाम से जुड़े भक्तों के आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। गुरुपूर्णिमा पर अल सुबह से ही हजारों भक्तों ने पावन पुष्पावती नदी में स्नान करना प्रारंभ कर दिया था।

धाम के मुख्य आचार्य पं. उमाशंकर शास्त्री ने पूर्ण विधि विधान से सहयोगी आचार्यों के साथ पूजन विधि संपन्न कराई। सर्वप्रथम दरबार में देश दुनिया से आए दीक्षा प्राप्त शिष्यों ने अपने सद्गुरु भगवान गुरुशरण महाराज का विधिवत पूजन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके पश्चात विगत वर्ष और उसके पूर्व लंबे समय से दीक्षा प्राप्त करने की प्रतीक्षा कर रहे भक्तों को गुरुशरण महाराज ने कान मंत्र दीक्षा प्रदान कर उन्हें अपना शिष्य बनाया तथा इस वर्ष दीक्षा प्राप्त करने के इच्छुक हजारों भक्तों को भी देर रात्रि तक कान मंत्र दीक्षा प्रदान कर उन्हें अपना शिष्य स्वीकार कर आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर नेपाल, दुबई, अमेरिका, थाईलैंड, कनाडा, कुवैत आदि देशों सहित देश दूरस्थ प्रदेशों के हजारों भक्तों – शिष्यों, केंद्र व अनेक राज्यों के जनप्रतिनिधियों, पूर्व मंत्रियों, शासन प्रशासन के अधिकारियों, सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter