इंदौर देश में बना आईकॉन : स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नंबर वन आने पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में देश में इंदौर के नंबर वन आने पर शहरवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर शहर की जनता, जन-प्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य संबंधितों की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि इंदौर ने फिर देश में एक नया मुकाम हासिल किया है। इंदौर देश में आईकॉन बन गया है। इंदौर को शीघ्र ही मेट्रो ट्रेन वाली सिटी बनने का गौरव भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। चंद्रमा पर भ्रमण कर रहा चंद्रयान भारत की यशोगाथा को पूरी दुनिया में पहुँचा रहा है। वहीं मध्यप्रदेश देश में नंबर वन प्रदेश बन गया है। कृषि विकास दर में हम नंबर  वन हैं। गेहूँ के एक्सपोर्ट में मध्यप्रदेश देश में नंबर वन है। स्वच्छता में नंबर वन हैं। जल-संरक्षण के क्षेत्र में भी नंबर वन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर वायु की गुणवत्ता में भी नंबर  वन है। स्वच्छतम शहर भी है। अब स्मार्ट सिटी में भी नंबर वन इंदौर बन गया है। उन्होंने कहा कि आप सबके प्रयत्नों से आज इंदौर आइकन बन गया है। जन-सहभागिता का मॉडल इंदौर है। इंदौर अब मेट्रो ट्रेन वाला शहर भी बनने वाला है। शीघ्र ही मेट्रो का ट्रायल रन भी होगा।

इंदौर और मध्यप्रदेश अब एक नया मुकाम हासिल करेगा। अद्भुत है इंदौर की जनता, अद्भुत है इंदौर के जन-प्रतिनिधि। अब पूरा प्रदेश स्मार्ट हो गया है। भोपाल सहित अन्य नगरों ने भी स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ 36 लाख परिवार गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। यह भी एक बड़ी उपलब्धि है।

देश की अर्थ-व्यवस्था के साथ ही मध्यप्रदेश की अर्थ-व्यवस्था भी मजबूत हो रही है। मध्यप्रदेश की अर्थ-व्यवस्था का आकार 71 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 15 लाख करोड़ रुपए तक पहुँच गया है। देश की अर्थ-व्यवस्था में मध्यप्रदेश का योगदान 3.6 प्रतिशत से बढ़कर 4.8 प्रतिशत हो गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!