कांग्रेस ने पाल-बघेल समाज के साथ हमेशा अन्याय किया : सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना, इधर कांग्रेस नेत्री ऊषा नाहर ने भी पार्टी से ताेड़ा नाता

Datia news दतिया । पाल-बघेल समाज के साथ सबसे बड़ा अन्याय कांग्रेस पार्टी ने किया। 70 सालों तक इस समाज को अशिक्षित रखने का पाप किया गया। जिससे कभी आगे बढ़ने का मौका नहीं मिला। कांग्रेस कितना भी भ्रम फैलाए लेकिन उसका साथ नहीं देना है। समाज का भला भाजपा ने ही किया है, हमें उसका ही साथ देना है। क्योंकि कांग्रेस ने पाल-बघेल समाज का जितना नुकसान किया आज तक किसी और ने नहीं किया है।

केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहाकि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने हमें दोयम दर्जे का समझा। पाल व बघेल समाज देश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहता है। कांग्रेस के बड़े नेता सबने विदेश में शिक्षा ग्रहण की थी। आजादी के बाद इन कांग्रेस नेताओं ने समान शिक्षा लागू नहीं की। शहरों में प्राइवेट स्कूलों में अलग शिक्षा व गांवो में सरकारी स्कूलों में अलग तरह की शिक्षा, यही कारण रहा कि शहरों के लोग तो कलेक्टर, एसपी व अधिकारी बनते रहे, लेकिन पाल-बघेल समाज निम्न स्तर कि शिक्षा के कारण कभी उस ऊंचाई तक पहुंच ही नहीं सका। कांग्रेस ने हमारी पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया। उसके बाद भी अगर हम उसका साथ दें तो इससे बड़ी गलती होगी।

कांग्रेसी गाली दे सकते हैं लेकिन अपने काम नहीं गिना सकते – डा.मिश्रा : इधर गुरुवार को ही अपने जनसंपर्क के दौरान आयोजित सभा में भाजपा प्रत्याशी व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने एक बार फिर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहाकि कांग्रेस के नेता उन्हें गाली तो दे रहे है, लेकिन यह नहीं बता पा रहे कि उन्होंने आज तक दतिया के लिए कभी कुछ किया है।

उन्होंने कहाकि सच यही है कि कांग्रेस ने दतिया के लिए कुछ नहीं किया। सिर्फ दतिया को बर्बादी की कगार पर पहुंचाने का श्रेय जरुर कांग्रेस सरकारों व स्थानीय नेताओं के नाम है। डा.मिश्रा ने कहाकि कांग्रेस के कमलनाथ ने 15 महीने की सरकार में, दिग्विजय सिंह ने 10 साल में व भारती परिवार ने 35 साल में दतिया के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन चुनाव आते ही अब बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं।

कांग्रेस ने दिया सिर्फ गुंडाराज : कांग्रेस प्रत्याशी और उनके परिवार के लोग 35 साल तक विधायक रहे। लेकिन कभी दतिया की उन्नति के बारे में नहीं सोचा। इनके समय में यहां पानी बिकता था, नल नहीं आते थे। सड़कों का पता नहीं था। बिजली कभी कभी आती थी। स्वास्थ्य सेवाएं इतनी बदहाल थी कि दतिया के लोगों को इलाज कराने झांसी या ग्वालियर जाना पड़ता था। कांग्रेस ने दतिया वासियों को सुविधाएं तो दी नहीं लेकिन गुंडाराज जरुर दिया।

दतिया में डकैत हजरत, हन्नी, रामबाबू का गिरोह ऐसे घूमता था जैसे उनका यहां राज हो। दिनदहाड़े गैंग वार में लोग मार दिए जाते थे।  भाजपा प्रत्याशी गुरुवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान ग्राम जौहरिया, पखरा, बनवास, कमरारी विजयपुर पहुंचे। जहां उन्होंने नुक्कड़ साभाओ को संबोधित किया। गांवों में उत्साही लोगों ने जेसीबी लगाकर डा.मिश्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष भी हुई भाजपा में शामिल : वहीं गुरुवार को कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका लगा। पार्टी की पूर्व जिलाध्यक्ष ऊषा नाहर ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर डा.नरोत्तम मिश्रा के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, उन्होंने कहाकि कांग्रेस कि कोई रीति-नीति नहीं है। दतिया में अमन, शांति व विकास के लिए उन्होंने गृहमंत्री डा.मिश्रा को समर्थन देने के लिए कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!