अचानक विदेश यात्रा पर चले गए राहुल गांधी, पंजाब में कांग्रेस ने रद्द की पहले से तय रैली

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी पार्टी के 137वें स्थापना दिवस समारोह के अगले दिन संक्षिप्त विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। समझा जाता है कि वह इटली की संक्षिप्त यात्रा पर हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘राहुल गांधी संक्षिप्त निजी यात्रा पर गए हैं। भाजपा और मीडिया में उसके दोस्तों को अनावश्यक अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए।’’

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी को तीन जनवरी को पंजाब के मोगा में एक चुनावी रैली को संबोधित करना है और वह संभवत: उससे पहले ही लौट आएंगे। पांच राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनावों की घोषणा जनवरी के मध्य में होने की संभावना है।

अगले महीने पंजाब और गोवा में रैली करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस पार्टी ने जो नया कार्यक्रम जारी किया है उसके मुताबिक कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अगले महीने चुनावी राज्यों पंजाब और गोवा में रैली करने वाले हैं। पंजाब में उनकी रैली 15 जनवरी के लिए प्रस्तावित है, जबकि गोवा में वह 16 जनवरी को एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter