गोद लिए से ज्यादा अच्छा खुद का बच्चा होता है, इसलिए अपने प्रत्याशी सभी वार्डों में जिताएं : गृहमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी नसीहत, उम्मीदवारों ने भरे एक साथ नामांकन

Datia News : दतिया । दतिया नगर पालिका के चुनावों को देखते हुए गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा लगातार सक्रिय हैं। टिकट वितरण के दौरान भी वह कोर ग्रुप की बैठकों में शामिल होने अल्प प्रवास पर दतिया आते रहे। शनिवार को भी उन्होंने भाजपा पार्षद पद के उम्मीदवारों के नामांकन भरने जाने से पूर्व स्थानीय टेऊंराम धर्मशाला में एक सभा ली। जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संकेत दिए कि इस बार सभी 36 वार्डों में भाजपा के प्रत्याशियों को विजयी बनाना है।

सभा में अपने संबोधन के दौरान गृहमंत्री डा. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि गोद लिए बच्चे से अच्छा अपना खुद का बच्चा होता है। गृहमंत्री ने कहाकि हमें अपने ललना को पलना में खिलाना है। किसी और के ललना को पलना में नहीं खिलाना है। इसलिए हालात ऐसे न बनें इसके लिए सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जीत के लिए जुनून से जुट जाने की बात कही।

कांग्रेस पर साधा जमकर निशाना : कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए गृहमंत्री ने कहाकि कांग्रेस के पास न कोई नीति है और न नीयत। जबकि भाजपा के पास नीति है, नेता है, नेतृत्व है, नियत है।

कांग्रेस के 15 महीने के कार्यकाल में पता चल गया कि उनके पास क्या है। गृहमंत्री ने कहाकि कांग्रेस वाले कहेंगे कि हम विकास करेंगे। लेकिन जरा वो बताएं कि विकास कैसे करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहाकि 36 वार्डों में भाजपा के प्रत्याशी जिताना है। ताकि विकास की गति रुके नहीं।

गृहमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहाकि कांग्रेस को तो वार्डों में चुनाव में लड़ने के लिए अभी तक पूरे प्रत्याशी भी नहीं मिल रहे। जबकि भाजपा ने तो अपने सभी प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं।

गृहमंत्री ने कहाकि प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने पत्र जारी किया था कि कोई प्रत्याशी दूसरे वार्ड ने नहीं लड़ेगा। लेकिन अब कांग्रेस को उन वार्डों में प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। पिछली बार भी कांग्रेस को नाममात्र की सीटें मिली थीं। इस बार भी कांग्रेस की हालत अच्छी नहीं है।

गृहमंत्री ने कहाकि भाजपा विकास का मुद्दा लेकर जा रही है। लेकिन कांग्रेस भी जब विकास की बात करे तो जनता को उनसे सवाल करना चाहिए कि तुम विकास कराओगे कहां से। विकास की बात सभी करेंगे लेकिन करा सभी नहीं पाएंगे।

भाजपा ने नगर में दिखाया दमखम : शनिवार को भाजपा ने नामांकन जमा किए जाने से पूर्व ढोल नगाड़ों और पार्टी के झंडों के साथ जुलूस निकालकर नगर में शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद पार्षद पद के उम्मीदवारों ने एक साथ अपने नामांकन दाखिल किए।

इस दौरान भाजपा युवा नेता सुकर्ण मिश्रा और विवेक मिश्रा सहित पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल, प्रशांत ढ़ेंगुला सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान दतिया सहित बड़ौनी एवं भांडेर में भी भाजपा के उम्मीदवारों ने रैली निकालकर ढोल नगाड़ों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर पर्चे भरे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!