ग्वालियर | ग्वालियर में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में एक कांग्रेस नेता द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार से पहले ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लक्ष्मीगंज निवासी राजेश किरार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राजेश किरार किसी मामले को लेकर अपनी शिकायत अथवा समस्या के संबंध में एसपी ऑफिस पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी सक्रिय हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
किसान कांग्रेस में संभाल चुके हैं पद : राजेश किरार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे। बताया गया है कि वह किसान कांग्रेस में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। कांग्रेस के पूर्व जिला संगठन मंत्री नरेंद्र सिंह के अनुसार, राजेश पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और करीब 25 वर्षों से राजनीति में सक्रिय थे।
राजनीति के साथ वह लक्ष्मीगंज क्षेत्र में रहते हुए सब्जी मंडी में आढ़त का कारोबार भी करते थे।
पैसों के विवाद से परेशान होने की बात : परिचितों के मुताबिक राजेश पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद को लेकर तनाव में थे। बताया जा रहा है कि इसी सिलसिले में वह एसपी कार्यालय पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस को उनकी जेब से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है।
परिजनों और परिचितों का आरोप है कि राजेश ने कुछ लोगों से ब्याज पर पैसा लिया था और रकम वापस करने के बावजूद उनसे लगातार ब्याज की मांग की जा रही थी। कथित नोट में कई लोगों के नाम लिखे होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, नोट में लिखी बातों और उसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच : डीएसपी अमर सिंह सिकरवार के मुताबिक, एक व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ खाए जाने की सूचना मिली थी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कथित सुसाइड नोट, मृतक के परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि राजेश किरार ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। मामले में सामने आए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

